मनीष ने शीर्ष वरीय ओरलोव को हराकर उलटफेर किया

Ads

मनीष ने शीर्ष वरीय ओरलोव को हराकर उलटफेर किया

  •  
  • Publish Date - November 29, 2023 / 07:16 PM IST,
    Updated On - November 29, 2023 / 07:16 PM IST

कालाबुरागी (कर्नाटक), 29 नवंबर (भाषा) मनीष सुरेशकुमार ने बुधवार को यहां 25,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले आईटीएफ कालाबुरागी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में शीर्ष वरीय व्लादिस्लाव ओरलोव को हराकर उलटफेर किया।

भारत के 24 वर्षीय खिलाड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 6-3 से जीता। दूसरे सेट में मनीष जब 2-0 से आगे चल रहे थे तब यूक्रेन के खिलाड़ी ने कंधे की चोट के कारण मैच से हटने का फैसला किया।

क्वालीफायर ऋषि रेड्डी ने भी अंतिम 16 में जगह बना ली है। उन्होंने पहले दौर में हमवतन पार्थ अग्रवाल को 6-4, 7-5 से पराजित किया।

इस बीच अन्य वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने आसान जीत दर्ज करके अगले दौर में जगह बनाई।

चौथी वरीयता प्राप्त सिद्धार्थ रावत ने जापान के ताइसी इचिकावा को 6-3, 6-4 से, जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त रामकुमार रामनाथन ने क्वालीफायर अजय मलिक को केवल 40 मिनट में 6-0, 6-0 से हराया।

छठी वरीयता प्राप्त ऋषभ अग्रवाल को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले जगमीत सिंह को 6-4, 3-6, 6-4 से हराने में पसीना बहाना पड़ा।

युगल में पूरव राजा और रामकुमार की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। साई कार्तिक रेड्डी गंता और कबीर हंस की जोड़ी ने राजा और रामकुमार पर सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

भाषा

पंत नमिता

नमिता