बारिश के बीच एमबाप्पे के दो गोल से ईराक को 3 . 0 से हराकर फ्रांस नॉकआउट में
बारिश के बीच एमबाप्पे के दो गोल से ईराक को 3 . 0 से हराकर फ्रांस नॉकआउट में
फिलाडेल्फिया , 23 जून (एपी) काइलियान एमबाप्पे के दो गोल की मदद से फ्रांस ने बारिश के कारण विलंब से शुरू हुए मैच में फ्रांस ने ईराक को 3 . 0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में जगह बना ली ।
एमबाप्पे के अब विश्व कप में 16 गोल हो गए हैं और वह अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के बाद जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोसे के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं । वह ब्राजील के रोनाल्डो से आगे निकल गए । मेस्सी के विश्व कप में 18 गोल हो गए हैं जिन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ पहले मैच में तीन गोल दागे थे और फिर दूसरे मैच में दो गोल किये ।
फ्रांस के लिये बलोन डि ओर विजेता उस्मान डेम्बेले ने भी गोल किया ।
एमबाप्पे ने 14वें और 54वें मिनट में गोल दागे । दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक एमबाप्पे का यह 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच था ।
उनके पहले गोल पर फ्रांस ने हाफटाइम तक 1 . 0 की बढत बना ली जब भारी बारिश और तूफान के कारण मैच दो घंटे से अधिक समय के लिये रोकना पड़ा । मैदानकर्मियों को इसके बाद लिंकन फाइनेंशियल फील्ड से पानी निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी ।
स्कोरबोर्ड पर दर्शकों के लिये स्टेडियम के कवर वाले क्षेत्र में जाने का निर्देश बार बार आ रहा था और तूफान की चेतावनी भी थी । दर्शकों ने पोंचो ओढ लिये थे और बालकनी में जमा हो गए थे ।
ईराक के कोच ग्राहम अर्नोल्ड ने कुछ सेकंड पोंचो ओढने के लिये जद्दोजहद की और फिर उसे सिर पर रखकर कवर वाले डगआउट में आ गए ।
स्टेडियम के ऊपरी हिस्से में आखिरी कुछ छत से ढकी कतारों में बैठे फ्रांस के प्रशंसक देश का झंडा लहराते रहे । कुछ बाहर जाने के रास्ते की ओर भागे ।
इसी स्टेडियम में पिछले सत्र में एनएफएल की टीम ‘फिलाडेल्फिया ईगल्स’ का पहला मैच बिजली कड़कने की वजह से तीसरे क्वार्टर में 65 मिनट के लिए रोकना पड़ा था । यहां भी जैसे जैसे विलंब बढता गया विदेशी दर्शकों को अमेरिकी खेलों की तीन तरह की परेशानियाँ झेलनी पड़ीं .. बारिश की वजह से देरी, खाने-पीने की चीजों के लिए बहुत अधिक दाम और पानी पीने के ब्रेक के नाम पर टीवी टाइमआउट।
दूसरे हाफ में पानी का कोई ब्रेक नहीं हुआ ।
एमबाप्पे फ्रांस की 2018 विश्व कप जीत और 2022 में फाइनल तक पहुंचाने में सूत्रधार रहे थे । इस बार उनके , डेम्बेले और डिजायर डू के रहते फ्रांस खिताब के प्रबल दावेदारों में से है ।
फ्रांस का सामना चार जुलाई को यहां जर्मनी से हो सकता है ।
ईराक के स्ट्राइकर ऐमन हुसैन को चोट के कारण 26वें मिनट में मैदान छोड़ना पड़ा जिनकी जगह अली अल हमादी ने ली । हुसैन ने नॉर्वे के खिलाफ पहले मैच में गोल किया था ।
ईराक 1986 में पदार्पण के बाद दूसरी बार विश्व कप खेल रहा है ।
एपी
मोना
मोना

Facebook


