एमसीए चार वनडे और चार टी20 मैचों के लिए युगांडा की मेजबानी करेगा
एमसीए चार वनडे और चार टी20 मैचों के लिए युगांडा की मेजबानी करेगा
मुंबई, 16 मई (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) 18 से 30 मई तक चार वनडे और चार टी20 मैचों के लिए अगले सप्ताह से युगांडा क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा।
एमसीए ने शनिवार को जानकारी दी कि चारों एकदिवसीय मैच एमसीए कोल्ट्स टीम के खिलाफ होंगे, जबकि टी20 मुकाबलों में युगांडा की टीम टी20 मुंबई लीग की फ्रेंचाइजी टीमों से भिड़ेगी।
पुरुषों की टी20 मुंबई लीग का चौथा सत्र एक से 13 जून तक आयोजित किया जाएगा।
श्रृंखला के पहले दो एकदिवसीय मुकाबले 18 और 20 मई को पालघर दहानू तालुका खेल संघ मैदान पर खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा और चौथा वनडे 22 और 24 मई को पालघर के अडानी स्टेडियम में आयोजित होंगे।
टी20 श्रृंखला का पहला मुकाबला 26 मई को ठाणे के दादोजी कोंडदेव स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि बाकी तीन मैच 27, 29 और 30 मई को अडानी स्टेडियम में होंगे।
मुंबई क्रिकेट संघ और क्रिकेट युगांडा के बीच हाल ही में पांच वर्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते का उद्देश्य अफ्रीकी देश में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देना है।
क्रिकेट युगांडा ने अपनी वेबसाइट पर बताया, “इस साझेदारी के तहत अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के अवसर बढ़ाने, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर विकास मार्ग तैयार करने, कोचिंग और तकनीकी विशेषज्ञता को बढ़ावा देने तथा महिला क्रिकेट के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”
भाषा आनन्द मोना
मोना

Facebook


