म्हात्रे के अर्धशतक से चेन्नई के पंजाब के खिलाफ पांच विकेट पर 209 रन
म्हात्रे के अर्धशतक से चेन्नई के पंजाब के खिलाफ पांच विकेट पर 209 रन
चेन्नई, तीन अप्रैल (भाषा) आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में पांच विकेट पर 209 रन बनाये ।
संजू सैमसन (सात) के जल्दी आउट होने के बाद म्हात्रे ने कप्तान रूतुराज गायकवाड़ (28) के साथ दूसरे विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की ।
सैमसन ने जेवियर बार्टलेट की आउटस्विंगर पर कवर में शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन विकेट के पीछे प्रभसिमरन सिंह को कैच दे बैठे ।
इसके बाद हालांकि म्हात्रे ने पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया । उन्होंने बार्टलेट को लगातार तीन चौके लगाये और पावरप्ले में चेन्नई को एक विकेट पर 57 रन तक पहुंचाया ।
इससे पहले शॉर्टपिच गेंदों पर असहज महसूस कर रहे म्हात्रे आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिखे और मुंबई के इस युवा बल्लेबाज ने मार्को यानसेन को छक्का लगाया ।
इसके बाद मार्कस स्टोइनिस को लगातार दो छक्के लगाये और 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया ।
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने से 17 साल छोटे इस बल्लेबाज को लगातार गुगली डालकर फांसने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली । म्हात्रे को 59 के स्कोर पर विजयकुमार विशाख ने और 67 के स्कोर पर शशांक सिंह ने डीप में जीवनदान दिया ।
वह विशाख की गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट थर्डमैन में चहल को कैच देकर लौटे ।
इस बीच गायकवाड़ को भी चहल ने आउट किया । चेन्नई ने दसवें से 15वें ओवर के बीच सिर्फ 45 रन बनाये ।
सरफराज खान ने 12 गेंद में 32 रन बनाकर रनगति तेज करने की कोशिश की। उन्होंने अर्शदीप सिंह और विशाख को लगातार तीन तीन चौके लगाये लेकिन विशाख की ही गेंद पर निहाल वढेरा को कैच देकर पवेलियन लौटे ।
शिवम दुबे ने 27 गेंद में नाबाद 45 रन बनाये और चेन्नई ने आखिरी पांच ओवर में 64 रन बनाकर 200 का आंकड़ा पार किया ।
भाषा मोना नमिता
नमिता

Facebook


