लाहौर, चार अगस्त (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को दो साल के लिए पाकिस्तान की सभी प्रारूपों की टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
स्मिथ इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैच की श्रृंखला से पूर्व पाकिस्तान की टीम से जुड़ेंगे।
स्मिथ लेवल चार के कोच हैं और अपनी नई जिम्मेदारी संभालने से पहले पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ काफी काम कर चुके हैं।
पीएसएल 2026 में उन्होंने मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम किया।
टी20 विश्व कप के बाद पीसीबी द्वारा हनीफ मलिक को हटाए जाने के बाद से राष्ट्रीय चयनकर्ता और पूर्व टेस्ट बल्लेबाज असद शफीक बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के पिछले दो दौरों के दौरान राष्ट्रीय टीम के अंतरिम बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
अतीत में पाकिस्तान टीम से कई विदेशी कोच जुड़े रहे हैं और गैरी कर्स्टन, जेसन गिलेस्पी, स्टीव रिक्सन और डेव वाटमोर जैसे कोच के अनुबंध समय से पहले खत्म कर दिए गए या पीसीबी के साथ समस्याओं के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
पाकिस्तान के लिए बल्लेबाजी एक समस्या बनी हुई है, विशेषकर टेस्ट क्रिकेट में जहां पिछले कुछ सत्र में उनकी टीम अक्सर लड़खड़ाती रही है।
भाषा सुधीर मोना
मोना