सर्जरी के बाद अधिक सतर्क, जसप्रीत बुमराह के सुझावों से मदद मिली है : मयंक यादव
सर्जरी के बाद अधिक सतर्क, जसप्रीत बुमराह के सुझावों से मदद मिली है : मयंक यादव
लखनऊ, 23 मार्च (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव ने कहा है कि पहले वह अपने शरीर पर ज्यादा ध्यान नहीं देते थे, लेकिन करियर को खतरे में डालने वाली चोट और सर्जरी के बाद उनकी सोच में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि चोट से उबरने के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ बातचीत ने उनकी वापसी में काफी मदद की।
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को कई बार चोटिल होने के कारण खेल से दूर होना पड़ा है। आईपीएल 2024 के दौरान चोटिल होने से उन्हें बड़ा झटका लगा। इसके बाद वह चोट से लगातार परेशान होते रहे और आईपीएल 2025 सत्र के शुरुआती मैचों के बाद बाहर हो गए।
अब वह बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई)’ में रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वापसी को तैयार हैं।
मयंक ने जियोस्टार के ‘आईपीएल टुडे लाइव’ कार्यक्रम में कहा, “सर्जरी के बाद मेरे लिए सब कुछ बदल गया है। पहले मैं खुद का ख्याल नहीं रखता था। रिकवरी (चोट से उबरने की प्रक्रिया) सत्र से बचता था और कई चीजों को नजरअंदाज करता था। लेकिन अब मैं रिकवरी, पोषण और नींद पर काफी ध्यान देता हूं। जितना मैं अपने शरीर का सम्मान करता हूं, उतना ही मेरा शरीर मैदान पर मेरा साथ देता है।”
रिहैबिलिटेशन के दौरान मयंक ने बताया कि एनसीए में उनकी मुलाकात जसप्रीत बुमराह से हुई, जिन्होंने भी इसी तरह की सर्जरी कराई थी।
उन्होंने कहा, “जब मैं एनसीए में चोट से उबर रहा था, तब बुमराह भैया भी वहां थे। उनके साथ मेरा अच्छा तालमेल है। वह मेरे लिए एक शिक्षक जैसे हैं। उनकी स्थिति भी मेरी जैसी ही थी।”
मयंक ने कहा, “बुमराह भैया ने सर्जरी के बाद वापसी करने और किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए, इस बारे में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि रिकवरी के दौरान शरीर कैसा महसूस करेगा और इस समय का सामना कैसे करना है। हम जब भी फोन या संदेश पर बात करते हैं, वह अपनी सीख मेरे साथ साझा करते हैं।”
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


