यूएई और उपमहाद्वीप के बाहर अधिक मैच खेलने होंगे: ट्रॉट

यूएई और उपमहाद्वीप के बाहर अधिक मैच खेलने होंगे: ट्रॉट

यूएई और उपमहाद्वीप के बाहर अधिक मैच खेलने होंगे: ट्रॉट
Modified Date: February 16, 2026 / 05:15 pm IST
Published Date: February 16, 2026 5:15 pm IST

(सुधीर उपाध्याय)

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) शीर्ष टीमों के खिलाफ अधिक द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने के कप्तान राशिद खान के नजरिए का समर्थन करते हुए अफगानिस्तान के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट ने सोमवार को यहां कहा कि उन्हें इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों में भी खेलना सीखना होगा।

मौजूदा टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने की कगार पर खड़े अफगानिस्तान के कप्तान राशिद ने जोर दिया था कि छोटे देशों को शीर्ष टीम के खिलाफ नियमित रूप से खेलना चाहिए जिससे कि बड़े टूर्नामेंट अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकें।

राशिद के नजरिए का समर्थन करते हुए इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ट्रॉट ने कहा कि शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने के अलावा उन्हें यूएई (अफगानिस्तान के घरेलू मुकाबलों का मेजबान) और उप महाद्वीप के बाहर भी खेलना सीखना होगा।

ट्रॉट ने यहां यूएई के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच में टीम की पांच विकेट की जीत के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘ मैं और भी अधिक द्विपक्षीय श्रृंखलाएं चाहूंगा। साथ ही हमें यूएई से बाहर या उपमहाद्वीप से बाहर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज में भी खेलना सीखना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उपमहाद्वीप के अलावा दूसरी टीमों के खिलाफ खेलने से अगर टीम के विकास में फायदा हो तो यह बहुत बढ़िया होगा। मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं और इसे नए भविष्य दौरा कार्यक्रम में देखना चाहूंगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि जब यह जारी होगा तो यह कैसा होता है और लोगों को क्या मौके मिलते हैं।’’

ट्रॉट ने अपने खिलाड़ियों विशेषकर इब्राहिम जादरान और अजमतुल्लाह उमरजई की जमकर तारीफ की जिन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मुख्य कोच ने कहा, ‘‘हमने पिछले साल उसकी (अजमतुल्लाह) प्रगति देखी। एक युवा खिलाड़ी से दुनिया भर में पहचाना जाने वाला खिलाड़ी। आईसीसी का साल का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय पुरुष क्रिकेटर कोई अचानक नहीं बन जाता इसलिए वह एक बहुत अच्छा खिलाड़ी है और हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राष्ट्रीय टीम के साथ उसकी प्रगति शानदार रही है और उसे दुनिया भर में कुछ फ्रेंचाइजी लीग में खेलने से भी मदद मिली है। मुझे लगता है कि वह काफी लंबे समय तक बहुत अच्छा क्रिकेटर रहेगा।’’

इब्राहिम के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो मैच में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह अच्छा दिख रहा था और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह बहुत अच्छे फॉर्म में लग रहा था लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाया। इब्राहिम की ताकत यह है कि वह हमेशा वापसी करता है।’’

यूएई के 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने जादरान (53 रन, 41 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और अजमतुल्लाह (21 गेंद में नाबाद 40 रन, तीन छक्के, दो चौके) की पारियों से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज की।

अजमतुल्लाह ने इससे पहले गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 15 रन पर चार विकेट चटकाए।

ट्रॉट ने जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज की सलामी जोड़ी की भी सराहना की। गुरबाज हालांकि यूएई के खिलाफ खाता खोलने में नाकाम रहे।

मुख्य कोच ने कहा, ‘‘आज जादरान ने अपने साथी (गुरबाज) को जल्दी खो दिया लेकिन उनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा है। और मैं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड देखना चाहूंगा। मुझे लगता है कि उनका एक साथ मिलकर खेलने का शानदार रिकॉर्ड है।’’

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर ओवर में हार के दौरान अजमतुल्लाह ने 23 रन लुटाए थे लेकिन यूएई के खिलाफ उनके प्रदर्शन से मुख्य कोच काफी प्रभावित दिखे।

ट्रॉट ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अजमत ने आज मैच का पासा पलट दिया। अगर वे (यूएई) आखिरी दो ओवर में अतिरिक्त 10 रन बना लेते तो यह गेम बहुत अलग होता।’’

ट्रॉट से जब उनके कार्यकाल में अफगानिस्तान की सबसे बड़ी जीत के बारे में पूछ गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सेंट विन्सेंट (टी20 विश्व कप 2024 में) कहना होगा जब हमने वहां दो मैच जीते थे। उस समय किसी ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमें दावेदार नहीं माना था। यह बेहद कड़ा मुकाबला था।’’

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में