मध्यप्रदेश की पूर्व महिला खिलाड़ियों को हर महीने तय सहायता राशि देगा एमपीसीए
मध्यप्रदेश की पूर्व महिला खिलाड़ियों को हर महीने तय सहायता राशि देगा एमपीसीए
इंदौर, एक अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने राज्य की पूर्व महिला खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए उन्हें हर महीने 6,000 रुपये से 12,500 रुपये की सहायता राशि देने का फैसला किया है। एमपीसीए के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एमपीसीए के मानद सचिव सुधीर आसनानी ने बताया कि संगठन की मंगलवार को आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने पूर्व महिला खिलाड़ियों को मासिक सहायता राशि देने का प्रस्ताव रखा जिसे समिति ने मंजूरी दी।
उन्होंने बताया कि जिन पूर्व महिला खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से कोई सहायता नहीं मिलती है, उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
आसनानी ने बताया,‘‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की टेस्ट और एक दिवसीय स्पर्धाएं खेल चुकीं पूर्व महिला खिलाड़ियों को हर महीने एमपीसीए की ओर से 12,500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। घरेलू क्रिकेट खेल चुकीं पूर्व महिला खिलाड़ियों को उनके द्वारा खेले गए मुकाबलों के आधार पर 6,000 रुपये से 10,000 रुपये की मासिक सहायता राशि दी जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि 75 साल की उम्र पूरी करने वाली महिला खिलाड़ियों को इस सहायता राशि के अलावा हर महीने 7,500 रुपये भी प्रदान किए जाएंगे।
आसनानी ने बताया कि एमपीसीए की प्रबंध समिति ने चंद्रकांत पंडित को अगले दो वर्षों के लिए निदेशक (क्रिकेट) के रूप में सेवा विस्तार देने का फैसला भी किया।
पंडित को मध्यप्रदेश के पहले रणजी खिताब का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है।
एमपीसीए सचिव ने बताया कि प्रबंध समिति की बैठक में चयनकर्ताओं, अंपायरों, प्रशिक्षकों और स्कोररों के मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला भी किया गया।
भाषा हर्ष जोहेब सुधीर
सुधीर

Facebook


