रूट और डॉसन के अर्धशतकों से इंग्लैंड के 258 रन
रूट और डॉसन के अर्धशतकों से इंग्लैंड के 258 रन
बर्मिंघम, 14 जुलाई (भाषा) अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और लियाम डॉसन के अर्धशतकों और सातवें विकेट के लिये 121 रन की साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को भारतीय तेज गेंदबाजों के दिये शुरूआती झटकों से उबरते हुए 258 रन बनाये ।
इंग्लैंड का स्कोर 13वें ओवर तक बिना किसी नुकसान के 61 रन था । इसके बाद उसने 22वें ओवर तक छह विकेट 107 रन पर गंवा दिये और लग रहा था कि मेजबान टीम 150 रन भी नहीं बना सकेगी ।
रूट ने हालांकि 76 गेंद में 76 और डॉसन ने 83 गेंद में 68 रन की पारी खेलकर टीम को संकट से निकाला । रूट ने बुमराह के पहले दो स्पैल खत्म होने का इंतजार किया और बाद में अक्षर पटेल की गेंदों की धुनाई की ।
बुमराह ने नौ ओवर में 31 रन देकर एक विकेट लिया जबकि गुरनूर बरार ने नौ ओवर में 61 रन देकर दो विकेट चटकाये । प्रसिद्ध कृष्णा ने 10 ओवर में 50 रन देकर दो विकेट लिये ।
इंग्लैंड ने उछाल और सीम लेती पिच पर बल्लेबाजी का फैसला किया । कार्यभार प्रबंधन से जुड़े छह सप्ताह के ब्रेक के बाद लौटे बुमराह ने पहले स्पैल में चार ओवर में सिर्फ आठ रन दिये । जैकब बेथेल (31 गेंद में 14 रन) और बेन डकेट (45 गेंद में 43 रन ) उनका सामना नहीं कर सके । उन्होंने अपने स्पैल में 36 डॉट गेंद डाली ।
दूसरे छोर से प्रसिद्ध ने भी बेहतर गेंदबाजी की । वहीं डकेट ने बरार के पहले ओवर में 17 रन निकाले । बरार के अगले ओवर में भी दो चज्ञैके लगे लेकिन तीसरे ओवर में उन्होंने तीन गेंद के भीतर दो विकेट लिये ।
उन्होंने अतिरिक्त उछाल लेती गेंद पर बेथेल को पवेलियन भेजने के बाद डकेट को आउट किया। डकेट का शानदार कैच थर्डमैन सीमा पर बुमराह ने लपका ।
बुमराह ने दूसरे स्पैल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को रवाना किया जिनका कैच पहली स्लिप में रोहित शर्मा ने लपका । प्रसिद्ध ने जोस बटलर और सैम कुरेन के विकेट लिये । इसके बाद हालांकि रूट और डॉसन ने पारी को संभाला ।
भाषा
मोना
मोना

Facebook


