मुकुंद शशिकुमार एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन के क्वार्टरफाइनल में
मुकुंद शशिकुमार एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन के क्वार्टरफाइनल में
बेंगलुरु, 20 मई (भाषा) अनुभवी खिलाड़ी मुकुंद शशिकुमार बुधवार को यहां एक कड़े मुकाबले में जापानी क्वालीफायर ताइयो यामानाका को हराकर एस एम कृष्णा मेमोरियल ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए।
अनुभवी मुकुंद ने अहम पलों में संयम बनाए रखा और प्री-क्वार्टरफाइनल में यामानाका को 6-4, 7-6 (1) से मात दी।
वहीं वाइल्ड कार्ड से प्रवेश करने वाले खिलाड़ी कृष त्यागी ने ब्रिटेन के तीसरी वरीयता प्राप्त हैमिश स्टीवर्ट के खिलाफ संघर्ष किया और मैच को तीन सेट तक खींच ले गए। लेकिन भारतीय खिलाड़ी 6-4, 4-6, 3-6 से हार गए।
मुकुंद युगल में आदिल कल्याणपुर के साथ मिलकर क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं।
इस भारतीय जोड़ी ने डोमिनिक पालन और दिग्विजयप्रताप सिंह के खिलाफ 6-3, 7-5 से शानदार जीत दर्ज की।
वहीं एकल वर्ग में सिद्धार्थ रावत का सफर समाप्त हो गया। उन्हें सर्बिया के छठी वरीयता प्राप्त ओग्नेन मिलिक ने 6-3, 6-1 से हराया।
वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी मनीष सुरेशकुमार का सफर भी समाप्त हो गया। उन्होंने पहले दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त और कर्नाटक ओपन चैंपियन कीगन स्मिथ को हराकर सबको हैरान कर दिया था। लेकिन वह इल्या इवाश्का के खिलाफ लय हासिल नहीं कर पाए और 1-6, 1-6 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


