दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के पांच विकेट पर 154 रन

Ads

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के पांच विकेट पर 154 रन

  •  
  • Publish Date - January 20, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - January 20, 2026 / 09:26 PM IST

वडोदरा, 20 जनवरी (भाषा) पावरप्ले में मुंबई इंडियंस का खराब फॉर्म जारी रहा लेकिन नेट स्किवेर ब्रंट के अर्धशतक की मदद से टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मंगलवार को महिला प्रीमियर लीग के मैच में पांच विकेट पर 154 रन बनाये ।

हीली मैथ्यूज के चोट से उबरने के बाद वापसी करने के बावजूद मुंबई इंडियंस पावरप्ले में अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं कर सकी । वेस्टइंडीज की मैथ्यूज और उनकी सलामी जोड़ीदार साजीवन साजना सस्ते में आउट हो गई ।

दिल्ली कैपिटल्स के लिये मरिजाने काप ने सटीक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में आठ रन देकर मैथ्यूज का विकेट लिया । अब रन बनाने की जिम्मेदारी स्किवेर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर आ गई थी । हरमनप्रीत ने 33 गेंद में 41 रन बनाये । वहीं स्किवेर ब्रंट 45 गेंद में दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 66 रन बनाकर नाबाद रही । यह इस सत्र में उनका तीसरा अर्धशतक है ।

उनके अलावा हालांकि कोई बल्लेबाज टिककर खेल नहीं सका ।

चार मैचों में से सिर्फ एक जीत सकी दिल्ली कैपिटल्स को हर हालत में यह मैच जीतना होगा । इस मैदान पर यह सत्र का दूसरा ही मैच है और नवी मुंबई की तुलना में बल्लेबाजों के लिये यहां रन बनाना चुनौतीपूर्ण रहा है ।

भाषा मोना

मोना