मुश्ताक और अर्शदीप ने उत्तर क्षेत्र को बढ़त दिलाई, यश धुल फिर विफल

Ads

मुश्ताक और अर्शदीप ने उत्तर क्षेत्र को बढ़त दिलाई, यश धुल फिर विफल

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 07:11 PM IST

बेंगलुरु, 24 अगस्त (भाषा) यश धुल एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे जबकि बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक और अनुभवी अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी से उत्तर क्षेत्र ने सोमवार को यहां दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ पहली पारी में 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।

उत्तर क्षेत्र की पहली पारी के 251 रन के जवाब में पश्चिम क्षेत्र ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 31 रन से की थी लेकिन उसके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और पूरी टीम 181 रन पर सिमट गई। किफायती गेंदबाजी करने वाले मुश्ताक ने 25.5 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि अर्शदीप ने 53 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

शम्स मुलानी ने 94 गेंद में सर्वाधिक 52 रन बनाए। उनके अलावा मुशीर खान (31) ही 30 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

हालांकि उत्तर क्षेत्र अपनी बढ़त को मजबूत करने में पूरी तरह सफल नहीं रहा और दिन का खेल खत्म होने तक उसने चार विकेट पर 107 रन बनाए। मुंबई के स्पिन गेंदबाजों शम्स मुलानी और तनुश कोटियान ने दो-दो विकेट लिए।

पिच से गेंदबाजों को टर्न मिल रहा है। उत्तर क्षेत्र की कुल बढ़त अब 171 रन की हो गई है और उसकी कोशिश इसे 250 रन तक पहुंचाने की होगी जो बचाव करने के लिए पर्याप्त स्कोर साबित हो सकता है।

हालांकि दिन का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला पहलू भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के पूर्व सदस्य धुल का लगातार दूसरी बार विफल होना रहा। उन्हें विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान की जगह टीम में शामिल किया गया था। सांगवान को रणजी ट्रॉफी में 828 रन बनाने के बावजूद बाहर बैठना पड़ा है।

धुल दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल सके। मुलानी की कोण के साथ अंदर आती गेंद को वह समझ नहीं सके और पगबाधा आउट हो गए।

कामरान इकबाल को भी मुलानी ने पवेलियन भेजा।

कोटियान ने आयुष दोसेजा को पगबाधा आउट किया।

आयुष बडोनी (नाबाद 39) और आक्रामक बल्लेबाज अब्दुल समद (30) ने चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। कोटियान ने जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज समद को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

अब उत्तर क्षेत्र की उम्मीदें बडोनी पर टिकी हैं जिन्होंने पहली पारी में भी अर्धशतक जड़ा था। स्टंप्स के समय कप्तान कन्हैया वाधवान आठ रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द