शाहबाज के हरफनमौला खेल से पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ बड़ी जीत की ओर पूर्व क्षेत्र

Ads

शाहबाज के हरफनमौला खेल से पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ बड़ी जीत की ओर पूर्व क्षेत्र

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 07:10 PM IST

बेंगलुरु, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय टीम से बाहर चल रहे हरफनमौला शाहबाज अहमद ने सोमवार को दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन 167 रन बनाने के बाद तीन विकेट झटके जिससे पूर्व क्षेत्र ने कमजोर पूर्वोत्तर क्षेत्र को फॉलोऑन के लिए मजबूर कर दिया।

पूर्व क्षेत्र ने पहली पारी में 467 रन बनाने के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र को महज 111 रन पर आउट कर दिया। त्रिपुरा के मध्यम गति के गेंदबाज अभिजीत सरकार ने 9.5 ओवर में 20 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि शाहबाज ने 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

फॉलोऑन के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र ने दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए थे। उसे पारी की हार से बचने के लिए अभी 349 रन और बनाने हैं। मौसम ने अगर खलल नहीं डाला तो पूर्व क्षेत्र के तीसरे दिन के भीतर ही मुकाबला खत्म करने की पूरी संभावना है।

रविवार के नाबाद 100 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरे शाहबाज ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 244 गेंदों पर 167 रन के साथ प्रथम श्रेणी का अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। उनकी पारी में 17 चौके और चार गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उन्होंने सातवें विकेट के लिए अनुकूल रॉय (37) के साथ 103 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम के आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

पूर्वोत्तर क्षेत्र की शुरुआत हालांकि अच्छी रही। टीम ने दो विकेट पर 72 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद अचानक विकेटों का पतन शुरू हो गया और उसने महज 39 रन के भीतर अपने अंतिम आठ विकेट गंवा दिए।

टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अर्पित भटेवार (32) और रोंगसेन जोनाथन (21) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाये, जिनमें तीन अपना खाता तक नहीं खोल सके।

दोनों टीमों के बीच गुणवत्ता के बड़े अंतर के कारण मुकाबला एकतरफा होता नजर आ रहा है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर