काबुल, 24 अगस्त (भाषा) अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ आगामी तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए सोमवार को इब्राहिम जादरान को कप्तान नियुक्त किया। पूर्णकालिक टी20 कप्तान के रूप में यह उनकी पहली श्रृंखला होगी।
तीन मैच की यह श्रृंखला 13 से 17 सितंबर तक नयी दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेली जाएगी। यह अफगानिस्तान की ‘घरेलू श्रृंखला’ है।
अनुभवी तेज गेंदबाज नवीन उल हक की भी टीम में वापसी हुई है। वह दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने के बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। इस चोट के कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 श्रृंखला और टी20 विश्व कप 2026 में नहीं खेल पाए थे।
नवीन की वापसी से अफगानिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है जिसमें फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई भी शामिल हैं।
अफगानिस्तान ने मजबूत टीम चुनी है। अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नैब की भी वापसी हुई है जिससे मध्यक्रम को मजबूती मिलने के साथ एक और गेंदबाजी विकल्प उपलब्ध होगा।
राशिद खान अनुभवी स्पिन गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। उनके साथ नूर अहमद और नांगयाल खरोटी हैं। अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी टीम में अनुभव और संतुलन बढ़ाएंगे।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का इंतजार कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज नूर रहमान को भी टीम में शामिल किया गया है। घरेलू क्रिकेट, शपगीजा क्रिकेट लीग और अफगानिस्तान ‘ए’ टीम के लिए उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ दूसरे विकेटकीपर के रूप में चुना गया है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा कि बोर्ड ने श्रृंखला के लिए संतुलित और पूरी तरह तैयार टीम चुनने पर ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमेशा सभी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं के लिए संतुलित और पूरी तरह तैयार टीम चुनने की कोशिश की है। भारत के खिलाफ आगामी श्रृंखला के लिए भी हमने यही तरीका अपनाया है और मुझे उम्मीद है कि अफगानिस्तान की टीम इन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करेगी।’’
श्रृंखला से पहले प्रशिक्षण और अंतिम तैयारियों के लिए अफगानिस्तान की टीम जल्द भारत पहुंचेगी।
टीम इस प्रकार है:
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई और नवीन उल हक।
रिजर्व खिलाड़ी: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक।
श्रृंखला का कार्यक्रम:
13 सितंबर : पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय
15 सितंबर : दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय
17 सितंबर : तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय
(सभी मैच नयी दिल्ली में खेले जाएंगे।)
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द