नीरू-काइनन की जोड़ी को ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण

Ads

नीरू-काइनन की जोड़ी को ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 11:58 AM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 11:58 AM IST

नागोया, 30 सितंबर (भाषा) व्यक्तिगत वर्ग में खिताब जीतने वाली नीरू ढांडा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए काइनन चेनाई के साथ मिलकर बुधवार को यहां एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता की ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने इस दौरान नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।

भारतीय जोड़ी ने चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने फाइनल में 34 का स्कोर बनाया। कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल ने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता।

इससे पहले कतर के नाम पर 30 अंक का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज था, जो उन्होंने इसी साल जनवरी में बनाया था।

चीन की क्यूई यिंग और सन युनोंग को 23 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

इस स्पर्धा में भाग लेने वाली 12 टीमों में से कुल चार टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारत 136 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहा।

चीन 150 में से 142 अंकों के साथ क्वालीफाइंग में शीर्ष पर रहा। उसके बाद कतर (139) और ईरान (138) का स्थान रहा।

क्वालीफाइंग राउंड में प्रत्येक जाोड़ी को 50 शॉट लगाने थे जिसमें से प्रत्येक टीम के एक निशानेबाज को 25 शॉट लगाने थे।

भारतीय जोड़ी ने पहले दो राउंड में 46 और 46 का स्कोर बनाया और कुल मिलाकर 46, 46, 44 अंक बनाकर 136 का कुल स्कोर हासिल किया।

दोनों भारतीयों में काइनन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 73 अंक हासिल किए, जबकि मंगलवार को महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ने 63 अंक बनाए।

नीरू ने इस तरह से एशियाई खेलों में अपने अभियान का शानदार अंत किया। वह मंगलवार को महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली निशानेबाज बनीं थीं और इस दौरान उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था।

इससे पहले उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया था। इस तरह से उन्होंने तीन पदक अपनी झोली में डाले।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर