नीरू-काइनन की जोड़ी ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में
नीरू-काइनन की जोड़ी ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में
नागोया, 30 सितंबर (भाषा) नीरू ढांडा और काइनन चेनाई की भारतीय जोड़ी ने बुधवार को यहां एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता की ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
इस स्पर्धा में भाग लेने वाली 12 टीमों में से कुल चार टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारत 136 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहा।
चीन 150 में से 142 अंकों के साथ क्वालीफाइंग में शीर्ष पर रहा। उसके बाद कतर (139) और ईरान (138) का स्थान रहा।
क्वालीफाइंग राउंड में प्रत्येक जाोड़ी को 50 शॉट लगाने थे जिसमें से प्रत्येक टीम के एक निशानेबाज को 25 शॉट लगाने थे।
भारतीय जोड़ी ने पहले दो राउंड में 46 और 46 का स्कोर बनाया और कुल मिलाकर 46, 46, 44 अंक बनाकर 136 का कुल स्कोर हासिल किया।
दोनों भारतीयों में काइनन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 73 अंक हासिल किए, जबकि मंगलवार को महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ने 63 अंक बनाए।
नीरू एशियाई खेलों में महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली निशानेबाज बनीं थीं और इस दौरान उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था।
इससे पहले उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया था और अब उनकी निगाह तीसरे पदक पर लगी है।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर

Facebook


