एशियाई खेल कुश्ती: सुनील शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में, निशा दहिया पहले दौर में हारीं

एशियाई खेल कुश्ती: सुनील शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में, निशा दहिया पहले दौर में हारीं

एशियाई खेल कुश्ती: सुनील शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में, निशा दहिया पहले दौर में हारीं
Modified Date: September 30, 2026 / 08:51 am IST
Published Date: September 30, 2026 8:51 am IST

नागोया, 30 सितंबर (भाषा) भारत के ग्रीको रोमन पहलवान सुनील कुमार ने बुधवार को यहां एशियाई खेलों में शानदार शुरुआत करते हुए तकनीकी दक्षता के आधार पर जीत दर्ज की और पुरुषों के 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि निशा दहिया को एक बार फिर उत्तर कोरिया की सोल गुम पाक के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

हांगझोउ एशियाई खेल 2023 के कांस्य पदक विजेता सुनील ने ताजिकिस्तान के मुहम्मद सुल्तानजोडा के खिलाफ मुकाबले में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।

रक्षात्मक रवैये के कारण प्रतिद्वंद्वी को ‘पार तेरे’ स्थिति में भेजे जाने के बाद सुनील ने लगातार अंक जुटाकर मुकाबला जल्द खत्म कर दिया।

सेमीफाइनल में भारतीय पहलवान का सामना जापान के युवा विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता ताइजो योशिदा से होने की संभावना है।

हालांकि महिलाओं के 68 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में निशा को उत्तर कोरिया की पाक के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

निशा ने मुकाबले में 2-0 की बढ़त बनाई थी लेकिन पाक ने चार अंक का दांव लगाकर पहले पीरियड के अंत तक 4-2 की बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे पीरियड में निशा ने दो अंक लेकर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद कोई भी पहलवान अंक नहीं बना सकी और बड़े दांव के आधार पर पाक को विजेता घोषित किया गया।

अगर पाक फाइनल में पहुंचती हैं तो निशा के लिए रेपेचेज के जरिए पदक की दौड़ में वापसी का रास्ता खुल जाएगा।

निशा को पेरिस ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में भी पाक के हाथों हार मिली थी। उस मुकाबले में निशा 8-2 से आगे थीं लेकिन कोहनी में चोट लगने के कारण मुकाबला 8-10 से गंवा बैठी थीं।

भाषा सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में