न्यूजीलैंड के बेन लिस्टर पहले कोविड-19 स्थानापन्न खिलाड़ी बने

न्यूजीलैंड के बेन लिस्टर पहले कोविड-19 स्थानापन्न खिलाड़ी बने

न्यूजीलैंड के बेन लिस्टर पहले कोविड-19 स्थानापन्न खिलाड़ी बने
Modified Date: November 29, 2022 / 08:44 pm IST
Published Date: October 20, 2020 6:20 am IST

आकलैंड, 20 अक्टूबर (भाषा) आकलैंड के तेज गेंदबाज बेन लिस्टर मंगलवार को कोविड-19 के कारण पहले स्थानापन्न खिलाड़ी बने जब प्लंकेट शील्ड प्रथम श्रेणी क्रिकेट चैंपियनशिप के यहां चल रहे मुकाबले में उन्होंने टीम के अपने साथी मार्क चैपमैन की जगह ली।

छह एकदिवसीय और 24 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व कर चुके 26 साल के चैपमैन ने कथित तौर पर सोमवार को बीमार महसूस किया जिसके बाद उनका कोविड-19 परीक्षण किया गया।

चैपमैन के परीक्षण के नतीजे आने तक 18 प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले लिस्टर को उनका विकल्प घोषित किया गया है।

आकलैंड क्रिकेट ने ट्वीट किया, ‘‘ओली प्रिंगल ने प्रथम श्रेणी पदार्पण किया। बेन लिस्टर कोविड-19 विकल्प के रूप में शुरुआत करेंगे क्योंकि कल बीमार होने के बाद चैपमैन के परीक्षण के नतीजों का इंतजार है।’’

ईडन पार्क पर मैच देख रहे न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा कि उन्हें खुशी है कि सही चीज करने के लिए चैपमैन को सजा नहीं दी गई।

ईएसपीएनक्रिकइंफो ने स्टीड के हवाले से कहा, ‘‘आज सुबह यहां आने तक मुझे नहीं पता था कि मार्क चैपमैन बीमार महसूस कर रहे हैं और उनका कोविड परीक्षण कराना पड़ा। लेकिन मेरे नजरिये से यह शानदार है कि इस मुश्किल समय में सही चीज करने के लिए उसे सजा नहीं दी गई।’’

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में