किशन और तिलक के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 220 रन का लक्ष्य

Ads

किशन और तिलक के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 220 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 06:25 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 06:25 PM IST

हरारे, 25 जुलाई (भाषा) इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए।

किशन ने इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन और फिर तिलक के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा।

किशन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद अगली 31 रन केवल 13 गेंदों में बनाकर रनगति को तेज कर दिया।

उनकी पारी की खासियत लेग साइड पर लगाए गए दमदार शॉट रहे। उन्होंने ऑफ स्पिनर ब्रायन बेनेट की गेंदों पर मिडविकेट क्षेत्र में लगातार दो चौके जड़े, जबकि तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस के ओवर में दो चौके और एक शानदार छक्का लगाकर दबाव बनाया।

तिलक ने भी दूसरे छोर से अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रहे सवालों का करारा जवाब दिया। उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की।

तिलक ने जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए। उन्होंने इवांस की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर शानदार छक्का भी जड़ा।

भारतीय बल्लेबाजों ने अंतिम पांच ओवरों में 61 रन जोड़कर टीम को 219 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

इससे पहले भारत को शुरुआती झटके अभिषेक शर्मा (आठ) और वैभव सूर्यवंशी (20) के रूप में लगे।

अभिषेक मुजरबानी की गेंद पर आसान कैच थमा बैठे। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने रिचर्ड नगरावा के एक ओवर में एक छक्का और तीन चौके लगाकर आक्रमक शुरुआत की लेकिन वह नौ गेंद में 20 रन बनाकर नगरावा की बाउंसर पर आउट हो गये।

इन शुरुआती सफलताओं के बाद जिम्बाब्वे के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सकें और किशन तथा तिलक की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता