भारतीय तैराक राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में पहुंचने में विफल रहे

Ads

भारतीय तैराक राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में पहुंचने में विफल रहे

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 05:19 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 05:19 PM IST

ग्लास्गो, 25 जुलाई (भाषा) भारतीय तैराकों का शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसमें धक्षन शशिकुमार और आर्यन नेहरा दोनों ही पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

शशिकुमार ने ‘टोलक्रॉस स्विमिंग सेंटर’ में आयोजित 400 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट में 27 तैराकों के बीच 3:58.09 मिनट का समय लेकर 15वां जबकि आर्यन नेहरा ने 4:00.26 मिनट के साथ 16वां स्थान हासिल किया।

तीसरी हीट में उतरे शशिकुमार ने प्रतियोगिता के मध्य तक सातवें स्थान पर पहुंचकर उम्मीद जगाई, लेकिन अंतिम चरण में अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सके और फाइनल में प्रवेश से वंचित रह गए।

चौथी हीट में प्रतिस्पर्धा कर रहे आर्यन शुरुआत से ही पिछड़ गए। मध्य चरण में वह अंतिम स्थान पर थे और अंत तक उसी स्थान पर रहे, जिसके कारण वह भी फाइनल में जगह नहीं बना सके।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता