हमारी खराब ‘कैचिंग’ ने अंतर पैदा किया: पार्थिव पटेल

हमारी खराब ‘कैचिंग’ ने अंतर पैदा किया: पार्थिव पटेल

हमारी खराब ‘कैचिंग’ ने अंतर पैदा किया: पार्थिव पटेल
Modified Date: May 17, 2026 / 01:01 pm IST
Published Date: May 17, 2026 1:01 pm IST

कोलकाता, 17 मई (भाषा) गुजरात टाइटंस के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने स्वीकार किया कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल के मैच में उनकी खराब कैचिंग (कैच छोड़ना) महंगी साबित हुई और इसने मुख्य अंतर पैदा किया।

गुजरात टाइटंस ने चार कैच छोड़े, जिनमें फिन एलन को मिले दो जीवनदान भी शामिल हैं। एलन ने इसका फायदा उठाकर 35 गेंद पर 93 रन बनाए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पटेल ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कैच छोड़ना ही एक ऐसी चीज है जिसने मैच में मुख्य अंतर पैदा किया। जब आपका सामना अच्छे बल्लेबाजों से होता है तो आपको अधिक मौके नहीं मिलते। आपको जो भी मौका मिले उसका फायदा उठाना होता है लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए।’’

एलन के अलावा गुजरात टाइटंस ने अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन को भी जीवनदान दिए। इन तीनों बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाकर अर्धशतक बनाए।

गुजरात टाइटंस इस मैच में हार के बावजूद 16 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है, हालांकि प्लेऑफ में उसकी जगह अभी पक्की नहीं हुई है। वह अपना आखिरी मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगा।

पटेल ने कहा, ‘‘हमारे लिए समीकरण काफी सरल हैं। हमें अन्य टीमों के परिणाम पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। अगर हम अगला मैच जीत जाते हैं, तो हम क्वालीफाई कर जाएंगे। बात इतनी ही सरल है।’’

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में