खराब प्रदर्शन और डोपिंग के कारण एक हजार से अधिक खिलाड़ी खेलो इंडिया से बाहर : मांडविया
खराब प्रदर्शन और डोपिंग के कारण एक हजार से अधिक खिलाड़ी खेलो इंडिया से बाहर : मांडविया
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा ) खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले तीन साल में खराब प्रदर्शन या डोपिंग के कारण से विभिन्न खेलों के 1342 खिलाड़ियों को खेलो इंडिया कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया है ।
खेलो इंडिया में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के ब्यौरे को लेकर राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में मांडविया ने कहा कि इसी दौरान 2905 नये खिलाड़ियों को भी योजना में शामिल किया गया ।
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले तीन साल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने या डोपिंग के मामलों के कारण 1342 खिलाड़ियों को कार्यक्रम से बाहर किया गया । प्रदर्शन की समीक्षा हर साल की जाती है और समय समय पर खेलो इंडिया की वेबसाइट पर डाला जाता है ।’’
खेलमंत्री ने कहा कि 23000 से अधिक खिलाड़ियों को खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण और सहयोग दिया जा रहा है ।
डोपिंग निरोधक उपायों से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) को मजबूत बनाने के लिये सीबीआई जैसी एजेंसियों को जोड़ा गया है । उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं के गलत इस्तेमाल और तस्करी से निपटने के लिये सीबीआई और कानून का पालन कराने वाली अन्य एजेंसियों से तालमेल को भी बढावा दिया जा रहा है ।
भारत पिछले तीन साल में प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल की पाजिटिविटी दर के मामले में विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी (वाडा) की सूची में शीर्ष पर है ।
भाषा मोना पंत
पंत

Facebook


