उम्मीदों के बोझ तले अच्छा प्रदर्शन करने को प्रतिबद्ध है पुर्तगाल
उम्मीदों के बोझ तले अच्छा प्रदर्शन करने को प्रतिबद्ध है पुर्तगाल
पाम बीच, 14 जून (एपी) अब तक फुटबॉल विश्व कप का खिताब नहीं जीत पाने वाले पुर्तगाल और उसके स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर उम्मीदों का बड़ा बोझ है लेकिन उसके खिलाड़ी इसके बारे में नहीं सोच रहे हैं और एक समय में एक मैच पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
विश्व कप में इस बार 48 टीम भाग ले रही हैं और पुर्तगाल खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल है।
पुर्तगाल के मिडफील्डर विटिन्हा ने शनिवार को अमेरिका में अपने पहले अभ्यास सत्र से पहले कहा, ‘‘हमने अपनी टीम पर अत्यधिक दबाव डालने के बारे में बात नहीं की है। सभी प्रतियोगिताएं वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करके जीती जाती हैं, न कि भविष्य के परिणामों की चिंता करके।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी केवल अगले मैच के बारे में सोच रहे हैं। हम प्रत्येक मैच जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें पहले ग्रुप चरण से आगे बढ़ना होगा।’’
पुर्तगाल 17 जून को ह्यूस्टन में कांगो के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।
विटिन्हा ने कहा कि खिलाड़ियों को विश्वास है कि उनकी टीम टूर्नामेंट में काफी आगे जाने की क्षमता रखती है। उसका प्रत्येक खिलाड़ी एक भावपूर्ण स्मृति के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। पुर्तगाल के प्रधानमंत्री ने हाल ही में टीम से मुलाकात की और प्रत्येक खिलाड़ी को एक ब्रेसलेट भेंट किया जिस पर उनका नाम और साथ ही दिवंगत फॉरवर्ड डियोगो जोटा का नाम अंकित था, जिनकी पिछले साल जुलाई में स्पेन में एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
पुर्तगाल की टीम में नियमित रूप से खेलने वाले जोटा को इस साल कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने टीम में मानद सदस्य के रूप में भी शामिल किया है।
विटिन्हा ने अपनी कलाई पर हरे और लाल रंग के ब्रेसलेट की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘हमें यह बहुत प्यार से मिला है।’’
पुर्तगाल की टीम शुक्रवार शाम को अमेरिका पहुंची और विश्व कप के दौरान फ्लोरिडा के पाम बीच गार्डन्स में ठहरेगी।
एपी
पंत
पंत

Facebook


