कार्लसन से ज्यादा खतरनाक हैं प्रज्ञाननंदा: प्रवीण थिप्से

Ads

कार्लसन से ज्यादा खतरनाक हैं प्रज्ञाननंदा: प्रवीण थिप्से

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 01:40 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 01:40 PM IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से का मानना है कि प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय आर प्रज्ञाननंदा दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन से भी ज्यादा खतरनाक खिलाड़ी हैं।

थिप्से ने उन्हें वर्तमान में भारत का सबसे मजबूत खिलाड़ी बताया और कहा कि वह मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी से आगे हैं।

उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘प्रज्ञाननंदा इस समय सर्वश्रेष्ठ भारतीय शतरंज खिलाड़ी हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक प्रतिद्वंद्वियों में से एक माना जा सकता है। यहां तक ​​कि मैं उन्हें कार्लसन से भी अधिक खतरनाक खिलाड़ी मानता हूं।’’

थिप्से ने प्रज्ञाननंदा की नॉर्वे शतरंज में मिली जीत को हाल के वर्षों में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा हासिल की गई सर्वश्रेष्ठ उपलब्धियों में से एक बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रज्ञाननंदा ने क्या शानदार हो वापसी की है। पिछले साल वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन अब उन्होंने सच में असाधारण प्रदर्शन किया है। भारतीय शतरंज को इसी तरह के प्रदर्शन की जरूरत थी।’’

थिप्से ने कहा, ‘‘कुछ साल पहले तक वह अधिक आक्रामक होकर खेलते थे लेकिन अब उन्होंने विरोधी खिलाड़ी की चालों को कुंद करना सीख लिया है।’’

भाषा

पंत

पंत