प्रज्ञानानंदा सिंकफील्ड कप में सेवियन के खिलाफ करेंगे आगाज

प्रज्ञानानंदा सिंकफील्ड कप में सेवियन के खिलाफ करेंगे आगाज

प्रज्ञानानंदा सिंकफील्ड कप में सेवियन के खिलाफ करेंगे आगाज
Modified Date: August 10, 2026 / 07:25 pm IST
Published Date: August 10, 2026 7:25 pm IST

सेंट लुइस (अमेरिका) 10 अगस्त (भाषा) सेंट लुइस रैपिड एवं ब्लिट्ज का खिताब जीतकर ग्रैंड शतरंज टूर की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचे भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा की नजरें अब सिंकफील्ड कप पर हैं, जहां शानदार प्रदर्शन उन्हें इस साल के अंत में होने वाले ग्रैंड शतरंज टूर फाइनल में पहुंचा सकता है।

ग्रैंड शतरंज टूर फाइनल में टूर के शीर्ष चार खिलाड़ी जगह बनाते हैं। अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना फिलहाल प्रज्ञानानंदा से आगे हैं।

फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा के टूर से हटने के बाद अमेरिका के ग्रैंडमास्टर सैमुअल सेवियन को सिंकफील्ड कप में जगह मिली है।

सिंकफील्ड कप में टूर के सभी नौ नियमित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिससे यह नॉर्वे शतरंज क्लासिक की तरह साल के सबसे मजबूत टूर्नामेंटों में शामिल हो गया है। नॉर्वे शतरंज क्लासिक में भी प्रज्ञानानंदा ने ही खिताब जीता था।

कारुआना क्लासिकल शतरंज में अपनी मजबूती के कारण एक बार फिर खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा अमेरिका के वेस्ली सो और लेवोन अरोनियन भी मजबूत दावेदार हैं।

उज्बेकिस्तान के विश्व चैंपियनशिप दावेदार जावोखिर सिंदारोव, जर्मनी के विंसेंट कीमर, नीदरलैंड के अनिश गिरी और फ्रांस के मैक्सिम वाशिए-लाग्राव की मौजूदगी से मुकाबला और कड़ा हो गया है। नीदरलैंड के जोर्डन वान फॉरेस्ट भी इस सूची में हैं।

टूर्नामेंट में 10 खिलाड़ी राउंड-रॉबिन आधार पर नौ दौर खेलेंगे। इसमें कुल 4,75,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर होगी।

हाल में संपन्न सेंट लुइस रैपिड एवं ब्लिट्ज में सोमवार को 21 वर्ष के हुए प्रज्ञानानंदा ने सिंदारोव को 1.5 अंक के अंतर से पछाड़कर खिताब जीता था। मौजूदा शानदार फॉर्म को देखते हुए भारतीय खिलाड़ी से एक और दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

प्रज्ञानानंदा नौ में से पांच बाजियां काले मोहरों से खेलेंगे जबकि चार बाजियों में उनके पास सफेद मोहरों की बढ़त होगी। ऐसे में वह सफेद मोहरों वाली इन चार बाजियों का अधिकतम फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में