प्रणय, उन्नति ताइपे ओपन सुपर 300 में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे
प्रणय, उन्नति ताइपे ओपन सुपर 300 में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे
ताइपे सिटी, 27 जुलाई (भाषा) अनुभवी शटलर एचएस प्रणय और युवा खिलाड़ी उन्नति हुड्डा मंगलवार से शुरू होने वाले ताइपे ओपन सुपर-300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करने के साथ मौजूदा सत्र में निरंतरता हासिल करने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे।
सातवीं वरीयता प्राप्त प्रणय अपने पहले दौर के मुकाबले में जापान के मिनोरू कोगा से भिड़ेंगे। वहीं, महिला एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति का सामना 32 खिलाड़ियों के दौर में क्वालीफायर से होगा।
विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान पर काबिज प्रणय 2023 एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता हैं। वह इस सत्र में केवल तीन बार ही शुरुआती दौर की बाधा पार कर पाए हैं।
विश्व नंबर 24 उन्नति ने इस वर्ष पोलिश इंटरनेशनल खिताब जीता था। वह लगातार पहले दौर में बाहर होने के कारण लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
पुरुष एकल में एम. मंजीनाथ का मुकाबला जेसन गुनावन से होगा, जबकि युगांडा इंटरनेशनल चैलेंज में कांस्य पदक जीतने वाले एस. दयानंद अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर के यूजीन ईव के खिलाफ करेंगे।
पिछले साल दिसंबर ओडिशा मास्टर्स सुपर-100 के विजेता किरण जॉर्ज का सामना मेजबान खिलाड़ी वांग पो-वेई से होगा।
महिला एकल में आठवीं वरीयता प्राप्त देविका सिहाग कोरिया की पार्क गा-यून से भिड़ेंगी, जबकि तान्या हेमंत का मुकाबला चीनी ताइपे की सू वेन-ची से होगा।
पहले दौर का एक प्रमुख आकर्षण भारत की पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन तस्नीम मीर और तन्वी शर्मा के बीच होने वाला मुकाबला रहेगा।
ईशारानी बरुआ के सामने शुरुआती दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान की मुश्किल चुनौती होगी जबकि श्रियंशी वालिशेट्टी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिदा कातेथोंग से होगा।
अश्मिता चालिहा को भी कठिन ड्रॉ मिला है और वह दूसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की लिन शियांग-ती के खिलाफ चुनौती पेश करेंगी।
पुरुष युगल में भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु की जोड़ी जबकि मिश्रित युगल में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा तथा ध्रुव रावत और मनीषा के की जोड़ी के सामने खुद को साबित करने की चुनौती होगी।
भाषा आनन्द मोना
मोना

Facebook


