रामोस और रोनाल्डो के गोल से पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया
रामोस और रोनाल्डो के गोल से पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया
टोरंटो, तीन जुलाई (एपी) गोनकालो रामोस ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में राफेल लीओ के पास पर हेडर से गोल किया, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पेनल्टी किक को गोल में बदला जिससे पुर्तगाल ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए क्रोएशिया को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के अंतिम 16 में प्रवेश किया।
पुर्तगाल की इस जीत से क्रोएशिया के स्टार खिलाड़ी लुका मोड्रिक के पांचवें विश्व कप के अभियान का अंत भी हो गया।
क्रोएशिया ने 53वें मिनट में इवान पेरिसिच के गोल से बढ़त बनाई, जो उन्होंने जोसिप सानिसिच के क्रॉस पर किया था।
रोनाल्डो ने पहले 68वें मिनट में पेनल्टी किक पर गोल करके स्कोर बराबर किया जो विश्व कप में नॉकआउट चरण का उनका पहला गोल था। लेकिन पुर्तगाल की जीत के नायक रामोस रहे जिन्होंने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में तब गोल किया जब लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय तक खिंच जाएगा। उस समय रोनाल्डो बेंच पर बैठे हुए थे।
अंतिम सीटी बजने से पहले मैच विवादों में घिर गया क्योंकि क्रोएशिया को लगा कि उसने आखिरी क्षणों में स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया है, लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद मारियो पासालिच को ऑफसाइड करार दिया और गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया। क्रोएशिया के प्रशंसकों ने मैदान पर बोतलें फेंकीं और विरोध में सीटी बजाई।
पुर्तगाल सोमवार को राउंड ऑफ 16 में स्पेन का सामना करेगा।
मोड्रिक ने 2018 और 2022 में क्रोएशिया को क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर पहुंचाया था, लेकिन इस बार वह कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए।
एपी
पंत
पंत

Facebook


