राशिद खान ने दिलाया अफगानिस्तान को वनडे विश्व कप का टिकट

राशिद खान ने दिलाया अफगानिस्तान को वनडे विश्व कप का टिकट

राशिद खान ने दिलाया अफगानिस्तान को वनडे विश्व कप का टिकट
Modified Date: August 11, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: August 11, 2026 3:28 pm IST

बेलफास्ट, 11 अगस्त (भाषा) अफगानिस्तान ने राशिद खान के ऑलराउंड खेल के दम पर आयरलैंड को तीसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 31 गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट से हराकर अगले साल अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली।

आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवर में 206 रन बनाकर आउट हो गई। एक समय उसका स्कोर आठ विकेट पर 128 रन था। इसके बाद गेविन होए (36) और जय मूंदड़ा (31) ने नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की।

अफगानिस्तान की तरफ से राशिद ने 44 रन देकर तीन और एएम गजनफर ने 29 रन देकर तीन विकेट लिये।

इसके जवाब में अफगानिस्तान सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज के 71 रन के बावजूद छह विकेट पर 164 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। राशिद ने यहीं से मोर्चा संभाला और 43 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आयरलैंड की तरफ से होए ने 34 रन देकर चार विकेट लिए।

अफगानिस्तान ने इस जीत से पांच मैच की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इससे अफगानिस्तान विश्व कप के लिए स्वत: क्वालीफाई करने वाली आठवीं टीम बन गई है।

इन दोनों टीम के बीच पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था जबकि अफगानिस्तान ने दूसरा मैच 92 रन से जीता था।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में