रूबलेव और सबालेंका ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में

रूबलेव और सबालेंका ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में

रूबलेव और सबालेंका ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में
Modified Date: January 21, 2023 / 01:06 pm IST
Published Date: January 21, 2023 1:06 pm IST

मेलबर्न, 21 जनवरी (एपी) पांचवीं वरीयता प्राप्त आंद्रे रूबलेव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां डैन इवांस को 6-4, 6-2, 6-3 से हराकर चार साल में तीसरी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया।

रूबलेव ने 60 विनर लगाए जिनमें 10 ऐस शामिल हैं।

रूबलेव ने मैच के बाद कहा,‘‘ प्रत्येक मैच के बाद मेरे खेल में निखार आ रहा है। साल के शुरू में मैं वास्तव में अच्छे खिलाड़ियों के खिलाफ दो मैच गंवा बैठा था, जिससे मेरा आत्मविश्वास थोड़ा कमजोर पड़ गया था।’’

रूबलेव अंतिम 16 में नौवीं वरीयता प्राप्त होल्गर रून से भिड़ेंगे। उन्होंने मैच के दौरान केला देने के लिए इवान्स का आभार भी व्यक्त किया।

डेनमार्क के किशोर खिलाड़ी रून ने एक अन्य मैच में यूगो हम्बर्ट को 6-4 6-2 7-6 (5) से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया।

महिला एकल में बेलारूस की पांचवीं वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने एलिस मेर्टेंस को 6-2, 6-3 से हराकर चौथे दौर में जगह बनायी। उन्होंने मैच में कुल 32 विनर्स लगाए।

सबालेंका का सामना अब बेलिंडा बेनसिच से होगा। इस स्विस खिलाड़ी ने कैमिला जियोर्गी को 6-2 7-5 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई।

विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी कारोलिना पिलिसकोवा भी वरवरा ग्रेचेवा को 6-4 6-2 से हराकर चौथे दौर में पहुंच गई है। उनका अगला मुकाबला झांग शुहाइ से होगा जिन्होंने अमेरिकी क्वालीफायर केटी वोलिनेट्स 6-3 6-2 से पराजित किया।

एक अन्य मैच में डोना वेकिच ने स्पेन की नूरिया पारिजास डियाज़ को 6-2 6-2 से हराकर तीन साल में दूसरी बार चौथे दौर में प्रवेश किया।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में