एसए20 ने दक्षिण अफ्रीका को टीम में भारत जैसी गहराई बनाने में मदद की: डुप्लेसी
एसए20 ने दक्षिण अफ्रीका को टीम में भारत जैसी गहराई बनाने में मदद की: डुप्लेसी
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी का मानना है कि एसए20 की वजह से उनके देश के पास इतनी गहराई है कि वह भारत की तरह दूसरी या तीसरी श्रेणी की टीम मैदान में उतार सकता है।
एसए20 ने प्रतिभा पूल को बढ़ाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए दुनिया भर में अधिक मौके बनाने में भी मदद की है।
आईपीएल में प्रसारण का काम खत्म करके लौटने पर डुप्लेसी ने एस20 से कहा, ‘‘भारत अपनी गहराई की वजह से दूसरी या तीसरी श्रेणी की टीम चुन सकता है और अब आप दक्षिण अफ्रीका के बारे में भी यही कह सकते हैं।’’
इस साल आईपीएल में 21 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी शामिल हैं जिनमें से 17 को शुरू में रिटेंशन (टीम के साथ बरकरार रखना) या नीलामी के जरिए चुना गया था। डुप्लेसी ने कहा कि इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट ने फ्रेंचाइजी को देश के जाने-माने अंतरराष्ट्रीय नामों के अलावा भी प्रतिभाओं को पहचानने में मदद की है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोग आखिरकार दक्षिण अफ्रीका में प्रतिभा पूल की गहराई को देख पा रहे हैं।’’
डुप्लेसी ने विश्व क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की बढ़ती साख को हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन से भी जोड़ा जिसमें सीमित ओवरों के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत शामिल है।
भाषा सुधीर पंत
पंत

Facebook


