सैबारी ने दूसरे मिनट में गोल करके मोरक्को को जीत दिलाई
सैबारी ने दूसरे मिनट में गोल करके मोरक्को को जीत दिलाई
फॉक्सबोरो (मैसाचुसेट्स), 20 जून (एपी) इस्माइल सैबारी ने गोल करने की अपनी काबिलियत का एक बार फिर से शानदार नमूना पेश करते हुए दूसरे मिनट में ही स्कोरशीट पर अपना नाम लिखवाया जिससे मोरक्को ने विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप सी के मैच में स्कॉटलैंड को 1-0 से हराया।
सैबारी को ब्राजील के खिलाफ विश्व कप में अपने पदार्पण मैच में गोल करने में केवल 21 मिनट लगे थे। लेकिन स्कॉटलैंड के खिलाफ जिलेट स्टेडियम में उन्होंने केवल 72 सेकंड में ही गोल कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। इससे मोरक्को के लगातार दूसरी बार विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीदें जीवंत रहीं।
मोरक्को के कोच मोहम्मद ओउहबी ने कहा, ‘‘हमें तीन अंक चाहिए थे और हमें मिल गए।’’
मोरक्को ने मैच की शुरुआत में ही अपनी शानदार पासिंग से स्कॉटलैंड को हैरान कर दिया। सैबारी स्कॉटलैंड के दो डिफेंडरों को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़े और ब्राहिम डियाज़ ने उन्हें गेंद पास की। 25 वर्षीय फॉरवर्ड ने गेंद को लपकते ही गोलकीपर एंगस गन की पहुंच से काफी दूर नेट ऊपरी बाएं कोने में जोरदार शॉट लगाकर अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया।
कतर में खेले गए पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली मोरक्को की टीम ने ग्रुप सी का अपना पहला मैच ब्राजील के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला था, जिसमें सैबारी ने उसकी तरफ से एकमात्र गोल किया था।
स्कॉटलैंड ने अपने पहले मैच में हैती को 1-0 से हराया था लेकिन मोरक्को की मजबूत रक्षात्मक पंक्ति के सामने उसे स्पष्ट मौके बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
अनुकूल परिणाम हासिल नहीं करने के बावजूद स्कॉटलैंड के कोच स्टीव क्लार्क ने कहा, ‘‘हमने उन्हें कड़ी टक्कर दी। हमें पूरा भरोसा है कि हम इस स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।’’
मोरक्को 52वें मिनट में एक और गोल करने के करीब था जब अशरफ हकीमी के कॉर्नर किक पर बिलाल एल खानौस के हेडर को गुन ने रोक दिया।
स्कॉटलैंड को पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में एक मौका मिला जब एंडी रॉबर्टसन ने जॉन मैकगिन की ओर एक क्रॉस भेजा, जो बैक पोस्ट के पास गेंद पर पैर नहीं लगा सके।
स्कॉटलैंड बुधवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में ग्रुप सी के अपने अंतिम मैच में ब्राजील का सामना करेगा। वहीं मोरक्को अटलांटा में उसी दिन हैती से भिड़ेगा।
एपी
पंत
पंत

Facebook


