साहिल और ज्योति तुर्किये विश्व कप के क्वालीफिकेशन दौर में शीर्ष 10 में शामिल

साहिल और ज्योति तुर्किये विश्व कप के क्वालीफिकेशन दौर में शीर्ष 10 में शामिल

साहिल और ज्योति तुर्किये विश्व कप के क्वालीफिकेशन दौर में शीर्ष 10 में शामिल
Modified Date: June 9, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: June 9, 2026 9:00 pm IST

अंताल्या, नौ जून (भाषा) मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे युवा भारतीय तीरंदाज साहिल जाधव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावशाली खेल जारी रखते हुए मंगलवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के चरण-तीन की कंपाउंड स्पर्धा के क्वालिफिकेशन दौर में 10वां स्थान हासिल किया जबकि अनुभवी तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहीं।

पिछले महीने शंघाई में अपना पहला विश्व कप पदक जीतने वाले साहिल ने पुरुष कंपाउंड क्वालिफिकेशन में 710 अंक जुटाए। ऑस्ट्रिया के निको वीनर 714 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे। साहिल समेत कुल सात तीरंदाज 710 अंकों पर बराबरी पर थे, लेकिन एक्स-काउंट (निशाने के केंद्र के करीब) के आधार पर भारतीय खिलाड़ी 10वें स्थान पर खिसक गए।

भारत के ऋषभ यादव 706 अंकों के साथ 22वें स्थान पर रहे, लेकिन वह टीम स्पर्धा में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, क्योंकि उनका नाम सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुनी गई तीन सदस्यीय टीम में शामिल नहीं है।

एशियाई खेलों के लिए चयनित गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु ने 703 अंकों के साथ 33वां और कुशल दलाल 699 अंकों के साथ 43वां स्थान प्राप्त किया। साहिल के साथ यही दोनों खिलाड़ी पुरुष टीम स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय पुरुष टीम को तीसरी वरीयता मिली है और वह अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले से करेगी।

महिला कंपाउंड स्पर्धा में ज्योति सुरेखा वेन्नम 700 अंकों के साथ भारत की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली तीरंदाज रहीं और सातवें स्थान पर रही। चिकिता तनिपार्थी 10वें स्थान पर रहीं, जबकि परनीत कौर 693 अंकों के साथ 18वें स्थान पर रहीं, क्रमशः दूसरी और तीसरी सर्वश्रेष्ठ भारतीय तीरंदाज बनीं।

एशियाई खेलों के लिए चयनित 17 वर्षीय पृथिका प्रदीप 690 अंकों के साथ भारतीय खिलाड़ियों में सबसे पीछे 22वें स्थान पर रहीं। इसके बावजूद वह टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, क्योंकि वह आइची-नागोया एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जिसमें परनीत को जगह नहीं मिली है।

एशियाई खेलों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम प्रबंधन ने रणनीतिक निर्णय लिया है कि विश्व कप सत्र के दौरान टीम स्पर्धाओं में उन्हीं तीन तीरंदाजों को उतारा जाएगा, जिन्हें पिछले महीने हुए चयन ट्रायल्स में एशियाई खेलों के लिए चुना गया था, चाहे उनके क्वालिफिकेशन स्कोर कुछ भी हों।

भारतीय महिला टीम को मेक्सिको के बाद दूसरी वरीयता मिली है और उसने सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है, जहां उसका सामना इटली और अमेरिका के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा।

कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में भी भारत को पांचवीं वरीयता मिली है। इस वर्ग में साहिल जाधव और ज्योति सुरेखा वेन्नम की जोड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। दोनों खिलाड़ियों को पहले दौर में बाई मिली है और वे सीधे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

भाषा

आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में