साजन, आर्यन तैराकी फाइनल में आठवें स्थान पर रहे, पैरा स्पर्धा में पटिल पांचवें स्थान पर
साजन, आर्यन तैराकी फाइनल में आठवें स्थान पर रहे, पैरा स्पर्धा में पटिल पांचवें स्थान पर
ग्लास्गो, 27 जुलाई (भाषा) दो बार के ओलंपियन साजन प्रकाश और आर्यन नेहरा राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को पुरुषों की क्रमश: 200 मीटर बटरफ्लाई और 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं के फाइनल में आठवें स्थान पर रहे, जबकि पैरा तैराक स्वातिक पटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक ‘एसबी9’ स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल किया।
केरल के 32 वर्षीय साजन प्रकाश ने 200 मीटर बटरफ्लाई फाइनल में एक मिनट 58.05 सेकंड का समय निकाला और आठ खिलाड़ियों की स्पर्धा में अंतिम स्थान पर रहे। उन्होंने हीट में एक मिनट58.59 सेकंड का समय निकालकर छठे सबसे तेज तैराक के रूप में फाइनल में जगह बनाई थी। वह हीट-दो में स्कॉटलैंड के डंकन स्कॉट (1:58.29) के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।
न्यूजीलैंड के लुईस क्लेयरबर्ट ने 1:55.05 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के हैरिसन टर्नर (1:55.38) और मैथ्यू टेम्पल (1:55.45) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक हासिल किए।
पुरुषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में नेहरा ने आठ मिनट 07.26 सेकंड का समय दर्ज किया। इस स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया ने तीनों पदक अपने नाम किए। सैम शॉर्ट ने सात मिनट 39.81 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण जीता, जबकि बेंजामिन गुडेमैन (7:46.49) और मैथ्यू गैलेआ (7:47.10) ने रजत और कांस्य पदक जीते।
पैरा तैराकी में स्वातिक पटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक ‘एसबी9’ फाइनल में एक मिनट 15.82 सेकंड का समय लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के ब्यू मैथ्यूज ने एक मिनट09.41 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण, न्यूजीलैंड के जोशुआ विलमर ने एक मिनट 11.44 सेकंड के साथ रजत और ऑस्ट्रेलिया के टिमोथी हॉज ने एक मिनट 12.74 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता।
‘एसबी9’ वर्ग उन पैरा तैराकों के लिए होता है, जिनके पैरों में कमजोरी होती है, घुटने के नीचे से पैर नहीं होता या कूल्हों से जुड़ी शारीरिक बाधाएं होती हैं।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


