पुरुषों के चांगक्वान वुशु फाइनल में 11वें स्थान पर रहे सूरज, अपर्ना, बालियान अंतिम 16 में हारे
पुरुषों के चांगक्वान वुशु फाइनल में 11वें स्थान पर रहे सूरज, अपर्ना, बालियान अंतिम 16 में हारे
नागोया, 20 सितंबर (भाषा) भारत के सूरज सिंह मयांगलांबम रविवार को यहां एशियाई खेलों में पुरुषों के चांगक्वान वुशु फाइनल में 11वें स्थान पर रहे जबकि अपर्णा दहिया और विक्रांत बालियान को अपने-अपने भार वर्ग के राउंड 16 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
महिलाओं के 52 किग्रा सांडा वर्ग में अपर्णा को ईरान की सोगंद सिंकाएचेतान ने 2-0 से हराया। दोनों राउंड में अपर्णा को पांच-पांच अंक गंवाने पड़े।
इस हार के साथ मई में 52 किग्रा वर्ग के सांडा विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली अपर्णा का एशियाई खेलों में सफर क्वार्टर फाइनल से पहले ही समाप्त हो गया।
पुरुषों के 75 किग्रा सांडा मुकाबले में भारत के विक्रांत बालियान को भी ईरान के सोहेल मौसवी के हाथों 0-2 से हार मिली। दोनों राउंड में उन्होंने पांच-पांच अंक गंवाए। पहले राउंड में फोर्सिबल काउंट के जरिए विक्रांत ने एक अंक जरूर हासिल किया।
सांडा वुशु का ‘फुल-कॉन्टैक्ट’ मुकाबला प्रारूप है।
सूरज ने ऐची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 21 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए कुल 9.683 अंक हासिल किए।
उन्होंने गति की गुणवत्ता (ए-स्कोर) में पूरे 5.00 और कठिनाई के स्तर (सी-स्कोर) में 2.00 अंक तथा ओवरऑल प्रदर्शन (बी-स्कोर) में 2.683 अंक हासिल किए।
मकाऊ के कुओंग ची हिन (9.723) और ची कुआन सोंग (9.720) पहले दो स्थान पर रहे जिससे पता चलता है कि शीर्ष पर कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। सूरज केवल 0.040 अंकों से पोडियम पर पहुंचने से चूक गए।
चांगक्वान अपनी तेजी और कलाबाजी के लिए जाना जाता है जिसमें बिजली की गति से पंच मारना, कड़े स्टांस, ऊंची किक और हवा में ऊंची छलांग और स्पिन शामिल हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


