सैमसन और अभिषेक ने भारत को पांच विकेट पर 255 रन तक पहुंचाया
सैमसन और अभिषेक ने भारत को पांच विकेट पर 255 रन तक पहुंचाया
अहमदाबाद, आठ मार्च (भाषा) आखिरी मैच में फॉर्म में लौटे अभिषेक शर्मा और लगातार भारत के ‘मैन विनर’ साबित हो रहे संजू सैमसन के अर्धशतकों की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल में रविवार को पांच विकेट पर रिकॉर्ड 255 रन बनाये ।
ईशान किशन ने 25 गेंद में 54 और शिवम दुबे ने आठ गेंद में नाबाद 26 रन बनाये ।
पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझते रहे अभिषेक ने 21 गेंद में 52 रन बनाये जबकि सैमसन ने 46 गेंद में 89 रन की पारी खेली जिसे लंबे समय तक याद रखा जायेगा । उन्होंने लांग आन, लांग आफ और स्क्वेयर लेग के ऊपर से कुल आठ छक्के लगाकर खचाखच भरे दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में बैठे दर्शकों को रोमांचित कर दिया ।
उन्होंने रचिन रविंद्र , लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी की गेंदों की जमकर धुनाई करके मैदान के चारों ओर रन बनाये ।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारियां खेलने वाले केरल के सैमसन ने एक और जबर्दस्त पारी खेलकर अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया ।
वहीं कश्मीर से कन्याकुमारी तक आलोचकों के कोपभाजन बने अभिषेक ने आखिरकार अपनी प्रतिभा के दर्शन कराते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों को दबाव में ला दिया । उन्होंने 18 गेंद में 50 रन बनाये और छक्के के साथ अर्धशतक तक पहुंचे ।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर से नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को भांपने में गलती हुई और टीम चयन में वह चूक गए । उन्होंने आफ स्पिनर कोल मैकोंची को नहीं चुना जिन्होंने सेमीफाइनल में क्विंटोन डिकॉक और रियान रिकेलटन को आउट किया था ।
अभिषेक ने मैकोंची की जगह खेल रहे जैकब डफी की गेंद पर पांच चौके लगाये । डफी ने तीन ओवर में 42 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिली ।
हेनरी ने चार ओवर में 49 रन दिये और एक विकेट चटकाया । भारत ने पावरप्ले के छह ओवरों में 92 रन बना लिये थे ।
रचिन रविंद्र ने अभिषेक को आउट करके 43 गेंद में बनी 98 रन की साझेदारी को तोड़ा । नये बल्लेबाज ईशान किशन ने रनगति कायम रखते हुए चार छक्के और चार चौके लगाये ।
सैमसन और ईशान ने 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी करके भारत को 200 रन के पार पहुंचाया । जिम्मी नीशाम ने हालांकि सैमसन, ईशान और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को 16वें ओवर में आउट करके रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की लेकिन तब तक बड़ा स्कोर बन चुका था।
डफी को पहले ही ओवर में तीन चौके पड़े जबकि ग्लेन फिलिप्स ने दूसरा ओवर काफी किफायती डाला । अभिषेक ने फर्ग्यूसन और हेनरी को छक्के लगाये ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता

Facebook


