जिम्बाब्वे टी20 श्रृंखला से सैमसन बाहर, यश और अशोक पहली बार टीम में

जिम्बाब्वे टी20 श्रृंखला से सैमसन बाहर, यश और अशोक पहली बार टीम में

जिम्बाब्वे टी20 श्रृंखला से सैमसन बाहर, यश और अशोक पहली बार टीम में
Modified Date: July 6, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: July 6, 2026 8:47 pm IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कड़े फैसले लेना जारी रखा है और इसी क्रम में विश्व कप जीतने वाली टीम के बल्लेबाज संजू सैमसन को इस महीने के आखिर में जिम्बाब्वे में होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया है।

भारतीय टीम 23, 25 और 27 जुलाई को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी ।

चयनकर्ताओं ने पहली बार तेज गेंदबाजों यश ठाकुर और अशोक शर्मा को टीम में जगह दी है। आईपीएल 2026 में अशोक ने गुजरात टाइटन्स की ओर से कुछ मुकाबलों में प्रभावित किया था।

हाल में अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी पहली बार 15 सदस्यीय टी20 टीम में जगह मिली है।

एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘मयंक यादव और अशोक शर्मा भारत के दो सबसे तेज गेंदबाज हैं। वे युवा हैं। अगर चयनकर्ता उन्हें जिम्बाब्वे जैसी टीम के खिलाफ भी नहीं आजमाएंगे तो फिर कहां आजमाएंगे?’’

सैमसन की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल किया गया। प्रभसिमरन ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और यह दाएं हाथ का बल्लेबाज हांगझोऊ में हुए 2023 एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा था।

इंग्लैंड में चल रही पांच मैच की टी20 श्रृंखला के दूसरे मैच में सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में चुना गया । सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में नाकाम रहे थे । दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को टी20 विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने।

सैमसन के लिए आईपीएल सत्र भी अच्छा रहा जिसमें उन्होंने दो शतक लगाए लेकिन सूर्यवंशी के उभरने और 15 साल के इस खिलाड़ी को अधिक मौके देने की जरूरत के कारण शायद चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में 31 साल के सैमसन को शामिल नहीं किया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने सैमसन को टीम में शामिल नहीं करने की वजह नहीं बताई लेकिन वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अभी इंग्लैंड में हैं और टीम में जगह नहीं बना पाए।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘इसमें हैरानी की क्या बात है कि संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया है? जो लोग ऐसा कह रहे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा हैं इसलिए जो लोग चयन समिति की आलोचना कर रहे हैं उन्हें थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए। जब ​​सैमसन को खेलना ही नहीं है तो उन्हें साथ ले जाने का क्या मतलब? वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं।’’

सैमसन के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई को भी टीम में शामिल नहीं किया गया।

इनमें से हर्षित, प्रसिद्ध और वाशिंगटन इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं इसलिए वे अफ्रीकी देश के दौरे पर नहीं जा पाएंगे।

निचले क्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है।

मयंक 2024 के बाद पहली बार टीम में लौटे हैं।

वहीं इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबलों के लिए चयनकर्ताओं ने चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को टीम में शामिल किया है।

भारतीय टीम :

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन , शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरूण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम :

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, शिवम दुबे ।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में