पश्चिम एशिया में संघर्ष से यात्रा चिंताओं के बीच आईपीएल 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित
पश्चिम एशिया में संघर्ष से यात्रा चिंताओं के बीच आईपीएल 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित
नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खिलाड़ियों की यात्रा के इंतजामों को लेकर बनी चिंताओं के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित किया जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शुरूआती मैच में 28 मार्च को बेंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले सभी मैच फिलहाल कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर करेंगे। पिछले सत्र में स्टेडियम में हुई भगदड़ को ध्यान में रखते हुए यह समिति 13 मार्च को बैठक में टूर्नामेंट की तैयारियों का आकलन करेगी।
बीसीसीआई ने बुधवार को पहले 20 मैच का कार्यक्रम जारी किया है। पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम तब घोषित किया जाएगा जब तीन राज्यों तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों की तारीख घोषित हो जाएंगी।
बीसीसीआई के अधिकारियों के दिमाग में राज्य चुनावों के अलावा पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष भी सबसे अहम होगा।
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर पड़ा है जिससे प्रमुख हवाई अड्डों जैसे दोहा और दुबई में संचालन पर भारी प्रतिबंध लगने से कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
इसी कारण दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम के कुछ खिलाड़ी टी20 विश्व कप समाप्त होने के एक सप्ताह बाद भी अपने देश नहीं लौट पाए हैं।
अब यह देखना बाकी है कि इन दोनों देशों के खिलाड़ी आईपीएल टीमों से समय पर जुड़ पाते हैं या नहीं।
एक टीम अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘‘वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के जाने में काफी देर हो गई। उन्हें समय पर वापस भारत लाना मुश्किल काम होगा। साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से हवाई किराए काफी बढ़ गए हैं। ’’
शुरूआती सप्ताहांत का दूसरा मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में होगा जिससे इस हफ्ते कोई ‘डबल-हेडर’ (एक दिन में दो मुकाबले) नहीं होगा।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘सत्र के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बेंगलुरु में पांच और रायपुर में दो घरेलू मैच खेलेगी। पंजाब किंग्स की टीम न्यू चंडीगढ़ में चार और धर्मशाला में तीन घरेलू मैच खेलेगी जबकि राजस्थान रॉयल्स गुवाहाटी में तीन और जयपुर में चार घरेलू मैच खेलेगी। ’’
बीसीसीआई ने कहा, ‘‘इस दौरान (पहले 16 दिन) टूर्नामेंट में चार ही ‘डबल-हेडर’ होंगे। दोपहर के मैच भारतीय समयानुसार साढ़े तीन बजे से और शाम के मैच साढ़े सात से शुरू होंगे। ’’
इसमें कहा गया, ‘‘शनिवार को शुरुआती मुकाबले के बाद मुंबई इंडियंस रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


