भारतीय बल्लेबाजों को नेट पर अभ्यास कराएंगे नबी और जीशान सहित सात गेंदबाज
भारतीय बल्लेबाजों को नेट पर अभ्यास कराएंगे नबी और जीशान सहित सात गेंदबाज
मुल्लांपुर, दो जून जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी डार को अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से यहां शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारत के नेट अभ्यास सत्र के लिए चुने गए सात गेंदबाजों में शामिल किया गया है।
नबी को इस मैच के लिए टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर चयन समिति को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
नबी के अलावा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है क्योंकि अफगानिस्तान की टीम में कलाई के स्पिनर होने की संभावना है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘औकिब नबी को भारतीय नेट अभ्यास सत्र में शामिल होने के लिए कहा गया है। औकिब ही नहीं छह अन्य गेंदबाजों को भी नेट अभ्यास के लिए बुलाया गया है। भारतीय टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा सात दिन में आईपीएल के तीन मैच खेलने के कारण नेट अभ्यास में पूरी ताकत नहीं झाेंक सकते हैं। बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास की जरूरत है।’’
नबी ने 60 विकेट लेकर जम्मू कश्मीर को रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी लेकिन भारतीय टीम में उनके बजाय पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता दी गई।
भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र में सभी खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
आईपीएल की उपविजेता गुजरात टाइटंस के सात खिलाड़ी (कप्तान शुभमन गिल, बी साई सुदर्शन, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और वाशिंगटन सुंदर) टेस्ट टीम का हिस्सा हैं।
भाषा पंत
पंत

Facebook


