शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे कप्तानी छोड़ी, आयरलैंड श्रृंखला खेलेंगे
शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे कप्तानी छोड़ी, आयरलैंड श्रृंखला खेलेंगे
काबुल, 22 जुलाई (भाषा) अनुभवी बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है लेकिन वह बतौर खिलाड़ी उपलब्ध रहेंगे ।
31 वर्ष के शाहिदी 2022 की शुरूआत में वनडे टीम के कप्तान बने थे और 2023 वनडे विश्व कप तथा 2025 आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में टीम के कप्तान रहे । वह अफगानिस्तान की टेस्ट टीम के भी कप्तान हैं ।
शाहिदी ने सोशल मीडिया पर लिखा ,‘‘ आज मैं पूरे सम्मान और सहमति से निजी कारणों की वजह से अपनी टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे रहा हूं ।’’
शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने 2023 विश्व कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान , श्रीलंका और नीदरलैंड को हराया ।
उन्होंने कहा ,‘‘ एक कप्तान की जिम्मेदारी निभाना मेरे लिये सम्मान की बात थी । मुझे गर्व है कि पूरी ईमानदारी, एकजुटता और प्रतिबद्धता से इसका निर्वाह कर सका ।’’
उन्होंने आगे कहा ,‘‘ अल्लाह की मेहरबानी, अधिकारियों, कोचों और खिलाड़ियों के प्रयासों से हमने इतनी जीत दर्ज की, अहम मैच जीते, बड़ी टीमों को हराया और टीम का नाम ऊंचा किया । यह सिर्फ मेरी नहीं , टीम वर्क से मिली उपलब्धि है ।’’
भाषा
मोना
मोना

Facebook


