‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर कोविड से संक्रमित, अस्पताल में भर्ती

‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर कोविड से संक्रमित, अस्पताल में भर्ती

‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर कोविड से संक्रमित, अस्पताल में भर्ती
Modified Date: November 29, 2022 / 08:52 pm IST
Published Date: April 27, 2021 8:52 am IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) ‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर निशानेबाज चंद्रो तोमर को कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाया गया है और सांस लेने में परेशानी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के बागपत की रहने वाली 89 वर्षीय निशानेबाज के ट्विटर पेज पर यह जानकारी दी गयी है।

उनके ट्विटर पेज पर लिखा गया है, ‘‘दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉज़िटिव हैं और साँस की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं। ईश्वर सबकी रक्षा करे – परिवार। ’’

चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी लेकिन इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती और यहां तक उन पर एक फिल्म भी बनायी गयी है। उन्हें विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है।

उन्होंने अपनी बहन प्रकाशी तोमर के साथ कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रकाशी भी दुनिया की उम्रदराज महिला निशानेबाजों में शामिल हैं।

इन दोनों बहनों की जिंदगी पर फिल्म भी बनी हैं। अपने जीवन में उन्होंने पुरुष प्रधान समाज में कई रुढ़ियों को भी समाप्त किया।

घर के पुरुषों ने उनकी निशानेबाजी पर आपत्ति जतायी, लेकिन उनके बेटों, बहुओं और पोते पोतियों ने उनका पूरा साथ दिया। इससे वे घर से निकलकर पास के रेंज में अभ्यास करने के लिये जा पायी।

एक बार खेल अपनाने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा तथा उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते।

‘शूटर दादी’ ने वरिष्ठ नागरिक वर्ग में कई पुरस्कार भी हासिल किये जिनमें स्त्री शक्ति सम्मान भी शामिल है जिसे स्वयं राष्ट्रपति ने भेंट किया था।

भाषा पंत आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में