बोरा के छह विकेट से बंगाल 323 रन पर सिमटी, बल्लेबाजों ने उत्तराखंड को वापसी कराई
बोरा के छह विकेट से बंगाल 323 रन पर सिमटी, बल्लेबाजों ने उत्तराखंड को वापसी कराई
कोलकाता, 17 अक्टूबर (भाषा) देवेंद्र सिंह बोरा के छह विकेट के बाद प्रशांत चोपड़ा और कप्तान कुणाल चंदेला की अगुवाई में संयमित बल्लेबाजी की बदौलत उत्तराखंड ने बंगाल के खिलाफ शुक्रवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के तीसरे दिन जोरदार वापसी की।
बंगाल की टीम ने सुबह छह विकेट पर 274 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन बोरा के शानदार प्रदर्शन से पहली पारी में 323 रन पर सिमट गई। बोरा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 79 रन देकर छह विकेट लिए।
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सुबह के सत्र में लगातार दो विकेट झटके। उन्होंने सुमंत गुप्ता को 82 रन पर आउट किया और बाद में आकाश दीप को आउट करके अपना छठा विकेट झटका। गुप्ता के आउट होने से बंगाल की 350 रन के पार जाने की उम्मीदें खत्म हो गईं और आखिरी चार विकेट सिर्फ 49 रन पर गिर गए।
जवाब में उत्तराखंड ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और स्टंप तक दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर 55 रन की बढ़त बना ली।
सलामी बल्लेबाज अवनीश सुधा (01) का विकेट जल्दी गिरने के बाद सीनियर बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा (82 रन) और कप्तान चंदेला (नाबाद 68 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 146 रन जोड़े।
दोनों में से चोपड़ा आक्रामक रहे और उन्होंने अपनी तेज पारी में 10 चौके लगाए। पर आखिरी सत्र में विशाल भाटी की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।
स्टंप तक चंदेला के साथ भूपेन लालवानी 12 रन बनाकर खेल रहे थे।
सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अनुशासित गेंदबाजी की और 15 ओवरों में सिर्फ 21 रन दिए लेकिन मेजबान टीम को कोई सफलता नहीं दिला पाए।
उत्तराखंड अब अपनी बढ़त को और बढ़ाकर मैच ड्रॉ कराने की कोशिश करेगा।
वहीं सूरत में हरियाणा ने पार्थ वत्स के नाबाद 110 रन की बदौलत तीन दिन के अंदर रेलवे को 96 रन के अंतर से हरा दिया। हरियाणा ने जीत के लिए 248 रन का लक्ष्य दिया लेकिन रेलवे की टीम 152 रन पर सिमट गई।
दिल्ली में एक अन्य मैच में सेना के 359 रन के जवाब में त्रिपुरा की टीम पहली पारी में 176 रन पर सिमट गई और फॉलो ऑन खेलते हुए स्टंप तक 42 ओवर में सात विकेट पर 117 रन बनाकर मुश्किल में थी।
अहमदाबाद में असम की 310 रन की पहली पारी के जवाब में गुजरात ने आर्या देसाई (101 रन) के शतक और अभिषेक देसाई (96 रन) के अर्धशतक से पहली पारी 382 रन पर समाप्त की। असम ने स्टंप तक दूसरी पारी में 17 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए।
भाषा नमिता मोना
मोना

Facebook


