सोनम और इलावेनिल विश्व कप में महिलाओं की 10 मी एयर राइफल स्पर्धा में पदक से चूकीं
सोनम और इलावेनिल विश्व कप में महिलाओं की 10 मी एयर राइफल स्पर्धा में पदक से चूकीं
हांगझोउ, 25 जुलाई (भाषा) भारत की सोनम उत्तम मस्कर और ओलंपियन इलावेनिल वलारिवन ने शनिवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल, पिस्टल, शॉटगन) में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई, लेकिन पदक जीतने से चूक गईं।
सोनम पांचवें और इलावेनिल छठे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में भारत को कोई पदक नहीं मिला।
इससे प्रतियोगिता में भारत के खाते में अब तक केवल एक रजत पदक है जो शुक्रवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में संयम ने जीता था।
नयी दिल्ली में आयोजित 2024 आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल की रजत पदक विजेता सोनम ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 634.3 अंक हासिल किए और चीन की डू यूचेन (634.4) के बाद दूसरे स्थान पर रहीं।
दो बार की ओलंपियन और कई विश्व कप स्वर्ण पदक जीत चुकी इलावेनिल ने भी 632.8 अंक के साथ छठे स्थान पर रहकर आसानी से फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
हालांकि आठ निशानेबाजों के फाइनल में दोनों भारतीय खिलाड़ी अपने क्वालीफिकेशन जैसा प्रदर्शन नहीं दोहरा सकीं। सोनम पांचवें स्थान पर बाहर हो गईं जबकि इलावेनिल छठे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में चीनी निशानेबाजों का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला।
16 वर्षीय डू यूचेन ने फाइनल में 254.6 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया जो उनके करियर का पहला आईएसएसएफ विश्व कप पदक है।
जापान की नोबाता मिसाकी ने रजत पदक जीता जबकि चीन की पूर्व विश्व चैंपियन हान जियायू ने कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह मेजबान चीन ने इस स्पर्धा में दो पदक जीते।
विश्व कप में चीन का दबदबा लगातार जारी है। वह पदक तालिका में 11 पदकों (चार स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य) के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।
जर्मनी और अमेरिका एक-एक स्वर्ण और एक-एक रजत पदक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं जबकि ब्रिटेन और कतर एक-एक स्वर्ण पदक के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।
भारत एक रजत पदक के साथ दो अन्य देशों के साथ संयुक्त छठे स्थान पर है।
प्रतियोगिता के शुरुआती आठ मुकाबलों में अब तक कुल 24 पदकों का फैसला हो चुका है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


