दक्षिण अफ्रीका के चार विकेट पर 106 रन, पाकिस्तान से 166 रन पीछे

Ads

दक्षिण अफ्रीका के चार विकेट पर 106 रन, पाकिस्तान से 166 रन पीछे

  •  
  • Publish Date - February 5, 2021 / 01:48 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:49 PM IST

रावलपिंडी, चार फरवरी (एपी) फहीम अशरफ की लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान के शुक्रवार को यहां दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 272 रन बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका का शीर्ष क्रम चरमरा गया जिससे स्टंप तक उसका स्कोर चार विकेट पर 106 रन था।

दक्षिण अफ्रीकी टीम पाकिस्तान से 166 रन से पीछे है। श्रृंखला ड्रा कराने के लिये दक्षिण अफ्रीका का मैच जीतना जरूरी है।

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली (29 रन देकर दो विकेट) ने लगातार गेंदों पर दो विकेट और अशरफ ने फाफ डु प्लेसिस (17) का विकेट झटककर दक्षिण अफ्रीका को शुरूआती झटके दिये। हसन ने चाय ब्रेक से पहले अंतिम ओवर में डीन एल्गर (15 रन) को और फिर रासी वान डर डुसेन को अगली गेंद पर बोल्ड किया।

पिछले हफ्ते कराची में 34 साल की उम्र में पदार्पण टेस्ट में सात विकेट चटकाने वाले बायें हाथ के स्पिनर नौमान अली (19 रन देकर एक विकेट) ने ऐडन मार्कराम (32) के रूप में अहम विकेट लिया।

स्टंप तक तेम्बा बावुमा 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है। कप्तान क्विंटन डि कॉक ने यासिर शाह पर लगातार तीन बाउंड्री लगायी, वह 11 गेंद में 24 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

इससे पहले एनरिच नोर्ट्जे ने 56 रन देकर पांच विकेट हासिल किये जिससे पाकिस्तानी टीम चाय सत्र से आधा घंटा पहले सिमट गयी।

पाकिस्तान के निचले क्रम में अशरफ ने नाबाद 78 रन (12 चौके) बनाये और वह टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। इसके बाद नोर्ट्जे ने दूसरे दिन दूसरे सत्र में पाकिस्तानी पारी खत्म कर दी।

नोर्ट्जे ने अपने 10वें टेस्ट मैच में तीसरी बार पांच विकेट झटकने का कारनामा किया। उन्होंने पहले सत्र में दो विकेट चटकाये जिसमें बाबर आजम को दिन की दूसरी गेंद पर पवेलियन भेज दिया।

पाकिस्तान ने सुबह तीन विकेट पर 145 रन से खेलना शुरू किया। बाबर अपने कल के 77 रन में एक भी रन नहीं जोड़ पाये। हालांकि उन्होंने गुरूवार को पहले दिन फवद आलम के साथ पाकिस्तानी पारी को तीन विकेट से 22 रन के स्कोर से उबरने में मदद की।

आलम (45) को तेम्बा बावुमा ने सीधा थ्रो फेंककर रन आउट किया।

अशरफ ने फिर रन जुटाने की जिम्मेदारी संभालते हुए मोहम्मद रिजवान (18) के साथ 41 रन की भागीदारी निभायी। अशरफ ने 97 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने अपने आठवें टेस्ट में चौथा अर्धशतक बनाया।

अशरफ इससे पहले बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज (90 रन देकर तीन विकेट) की पगबाधा की अपील पर टीवी रैफरल पर बचे।

पाकिस्तान दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रहा है। उसने कराची में पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया था।

एपी नमिता पंत

पंत