स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला बराबर की

स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला बराबर की

स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला बराबर की
Modified Date: March 22, 2026 / 04:36 pm IST
Published Date: March 22, 2026 4:36 pm IST

वेलिंगटन, 22 मार्च (एपी) कॉनर एस्टरहुइज़न के करियर के पहले अर्धशतक और स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को यहां चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को 19 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर कर ली।

एस्टरहुइज़न ने 33 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक बनाया और वह आखिर में 57 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी ने दोनों टीमों के बीच निर्णायक अंतर पैदा किया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 164 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 145 रन पर आउट हो गई।

न्यूजीलैंड ने पावर प्ले में दो विकेट पर 63 रन बनाए थे जिसमें टिम रॉबिंसन के 22 गेंद पर बनाए गए 32 रन शामिल हैंं। लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के स्पिनरों ने शिकंजा कस दिया। उसकी तरफ से प्रेनेलन सुब्रायन ने अपने पहले मैच में 13 रन देकर दो जबकि केशव महाराज ने 22 रन देकर दो विकेट लिए।

लगभग तीन साल बाद न्यूजीलैंड की टीम में वापसी करने वाले डेन क्लीवर ने 16 गेंदों में 26 रन बनाकर अपनी टीम की उम्मीद बरकरार रखी लेकिन उनके आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की जीत सुनिश्चित हो गई।

न्यूजीलैंड के कप्तान जिमी नीशम ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि 165 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था। मुझे नहीं लगता कि यह बहुत बड़ा लक्ष्य था। हमारे कुछ खिलाड़ी अनुभवहीन है जिसका हमें नुकसान हुआ।’’

न्यूजीलैंड की पहले से ही कमजोर टीम टॉम लैथम के चोटिल होने और श्रृंखला के आखिरी दो मैचों के लिए डेवोन कॉनवे, मिचेल सेंटनर और लॉकी फर्ग्यूसन के बाहर होने से और कमजोर पड़ गई।

इससे पहले एस्टरहुइज़ेन ने दक्षिण अफ्रीका को तब संभाला जब उसने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर वियान मुल्डर का विकेट खो दिया था।

दाएं हाथ के बल्लेबाज ने तीसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका, तथा चौथे ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। इसके बाद उन्होंने पांचवें ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाकर 17 रन बनाए, जिससे दक्षिण अफ्रीका पावर प्ले में एक विकेट पर 50 रन बनाने में सफल रहा।

टोनी डी ज़ोर्ज़ी (23) ने एस्टरहुइज़न के साथ दूसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। रुबिन हरमन (26) और डियान फॉरेस्टर (19) ने चौथे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। इनके अलावा जेसन स्मिथ ने 15 गेंदों में 19 रन और जॉर्ज लिंडे ने आठ गेंदों में 14 रन बनाए।

पांचवा और अंतिम मैच बुधवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।

एपी

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में