स्टॉर्क को मैच में 10 विकेट, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराया
स्टॉर्क को मैच में 10 विकेट, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराया
मैकॉय (ऑस्ट्रेलिया), 23 अगस्त (एपी) तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के मैच में 10 विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे ही दिन रविवार को यहां बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराकर दो मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।
स्टार्क ने मैच में 51 रन देकर 10 विकेट लिए। उन्होंने दूसरी पारी में 39 रन पर चार विकट चटकाए जबकि पहली पारी में 12 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।
पैट कमिंस (10 रन पर तीन विकेट) और नाथन लियोन (25 रन पर तीन विकेट) ने भी तीन-तीन विकेट लेकर स्टार्क का अच्छा साथ दिया। बांग्लादेश की दूसरी पारी 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई।
कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने 31 रन बनाए जबकि मुशफिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाया।
स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में चौथी बार मैच में 10 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम अब 445 विकेट हैं।
स्टार्क को श्रृंखला में 12 विकेट लेने के लिए श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को आठ विकेट पर 165 रन से आगे खेलना शुरू किया और पहली पारी में 210 रन बनाकर 146 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। बांग्लादेश की टीम पहली पारी मे सिर्फ 64 रन पर ढेर हो गई थी।
कैमरन ग्रीन और नाथन लियोन ने नौवें विकेट के लिए 28 रन जोड़े।
पहली पारी में छह विकेट लेने वाले शोरिफुल इस्लाम ने ग्रीन को तेजी से अंदर आती यॉर्कर पर पगबाधा आउट किया। शोरिफुल ने 48 रन देकर सात विकेट लिए जो विदेश में किसी बांग्लादेशी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
ग्रीन ने 105 गेंद पर 10 चौकों की मदद से 67 रन बनाए। लियोन ने 32 रन की नाबाद पारी खेली और जोश हेजलवुड के साथ मिलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। हेजलवुड के छह रन पर आउट होने के साथ ऑस्ट्रेलिया की पारी सिमट गई।
दो मैच की यह श्रृंखला ऑस्ट्रेलिया के अगले 12 महीनों के व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत है। इस दौरान उसे दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के दौरे सहित कुल 20 टेस्ट मैच खेलने हैं।
एपी सुधीर
सुधीर

Facebook


