स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट में 250 विकेट, न्यूजीलैंड के लंच तक सात विकेट पर 418 रन
स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट में 250 विकेट, न्यूजीलैंड के लंच तक सात विकेट पर 418 रन
नॉटिंघम, 26 जून (एपी) इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 250वां विकेट हासिल किया, जिससे उनकी टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मैच के दूसरे दिन वापसी की अपनी कवायद जारी रखी।
टॉम लैथम (151) और डेवोन कॉनवे (157) ने पहले विकेट के लिए 317 रन की विशाल साझेदारी की जिससे पहले दिन इंग्लैंड पर भारी दबाव था।
इंग्लैंड ने हालांकि पहले दिन के आखिरी ओवरों में चार विकेट लेकर वापसी की अच्छी कोशिश की। स्टोक्स ने दूसरे दिन पहले सत्र में तीन और विकेट लेकर इसे जारी रखा। सुबह अपनी पारी चार विकेट पर 361 रन से आगे बढ़ाने वाले न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन लंच तक सात विकेट पर 418 रन बनाए थे।
लंच के समय टॉम ब्लंडेल (18) और नाथन स्मिथ (04) क्रीज पर थे।
भीषण गर्मी में खेले जा रहे इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान ने डैरिल मिचेल (11) को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच आउट करवाकर दिन की पहली सफलता हासिल की।
इसके बाद उन्होंने नाइटवॉचमैन विल ओरूर्के (19) को पवेलियन भेजा जिन्होंने एमिलियो गे को कैच दिया। स्टोक्स ने मिचेल सैंटनर (04) को बाउंसर पर आउट करके अपना 250वां विकेट लिया।
सैंटनर ने डीआरएस लिया, लेकिन टीवी रिप्ले ने पुष्टि की कि गेंद उनके दस्ताने को चूमकर गली में खड़े जैकब बेथेल के पास पहुंची थी।
स्टोक्स अब तक 70 रन देकर चार विकेट ले चुके हैं। वह इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
एपी
पंत आनन्द
आनन्द

Facebook


