‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में शारीरिक फिटनेस और व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर जोर
‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में शारीरिक फिटनेस और व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर जोर
जयपुर, सात जून (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के जयपुर प्रशिक्षण केंद्र ने विश्व साइकिल दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम ‘संडेज ऑन साइकिल’ का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में नागरिकों, फिटनेस प्रेमियों, साइकिल चालकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया जिसका उद्देश्य फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और टिकाऊ परिवहन साधनों को बढ़ावा देना था।
राज्य के खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास और अतिरिक्त मुख्य सचिव (खेल) प्रवीण गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने साइकिलिंग गतिविधियों में भाग लिया और लोगों को नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शारीरिक फिटनेस, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्थिरता बनाए रखने में साइकिलिंग के महत्व पर जोर दिया। सीआईएसएफ, बीएसएफ, सीआरपीएफ, राजस्थान पुलिस अकादमी, इंडियन बैंक, राहगिरी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और कर्मियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र नमिता
नमिता

Facebook


