सुपर रेपिड एवं ब्लिट्ज: गुकेश छठे स्थान पर रहे, नीमैन को खिताब
सुपर रेपिड एवं ब्लिट्ज: गुकेश छठे स्थान पर रहे, नीमैन को खिताब
वारसॉ, 10 मई (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा जबकि अमेरिका के हेन्स मोके नीमैन ने अंत तक धैर्य बरकरार रखते हुए ‘सुपर रेपिड एवं ब्लिट्ज’ का खिताब जीत लिया। यह टूर्नामेंट ‘ग्रैंड चेस टूर’ का हिस्सा है।
गुकेश ने 36 संभावित अंक में से 17 अंक हासिल करके अपना अभियान समाप्त किया। खिलाड़ियों ने नौ रेपिड और 18 ब्लिट्ज बाजियां खेलीं। हर रेपिड बाजी जीतने पर दो अंक और ब्लिट्ज बाजी जीतने पर एक अंक निर्धारित था। गुकेश ने रेपिड में नौ और ब्लिट्ज में आठ अंक जुटाए।
हालात और भी खराब हो सकते थे लेकिन गुकेश ने आखिरी दौर में पोलैंड के डूडा यान-क्रिस्टोफ को हराकर वापसी की।
गुकेश ने ग्रैंड चेस टूर के मुख्य टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था और इस साल वे केवल रेपिड और ब्लिट्ज प्रारूपों में ही खेलेंगे। सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन गुकेश इस साल के अंत में नार्वे शतरंज टूर्नामेंट के अलावा अमेरिका के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ विश्व चैंपियनशिप मुकाबला भी खेलने वाले हैं।
गुकेश को आखिरी दिन तीन जीत मिलीं। उन्होंने अमेरिका के वेस्ली सो, नीमैन और डूडा को हराया। उन्हें चार हार का सामना करना पड़ा जिसमें सिंदारोव के खिलाफ शिकस्त भी शामिल है। सिंदारोव ने गुकेश के साथ खेले गए तीन मैच की व्यक्तिगत भिड़ंत में 2-1 के अंतर से जीत हासिल की।
नीमैन ने आखिरी दो दौर जीते और टूर्नामेंट का समापन कुल 22.5 अंक के साथ किया। उन्हें ट्रॉफी के अलावा 50 हजार डॉलर का पहला पुरस्कार भी मिला।
अंतिम दौर में नीमैन ने पोलैंड के राडोस्लाव वोज्टाजेक को हराया।
अमेरिका के फाबियानो करुआना 22 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे जो वेस्ली से एक अंक अधिक है। स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव 18 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे जबकि फ्रांस के अलिरेजा फिरोजा ने पांचवां स्थान हासिल किया।
ग्रैंड चेस टूर का कारवां अब ‘सुपर क्लासिक’ टूर्नामेंट के लिए रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट की ओर बढ़ेगा और इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से एकमात्र खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा हिस्सा लेंगे।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


