टी20 विश्व कप : मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे एसोसिएट देश

टी20 विश्व कप : मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे एसोसिएट देश

टी20 विश्व कप : मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे एसोसिएट देश
Modified Date: February 5, 2026 / 04:58 pm IST
Published Date: February 5, 2026 4:58 pm IST

मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) भले ही नेपाल, आखिरी समय में शामिल हुए स्कॉटलैंड और पहली बार क्रिकेट विश्व कप खेलने वाले इटली के पास क्रिकेट की कोई बड़ी विरासत नहीं हो लेकिन शनिवार को यहां शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के शानदार मंच पर ये टीम अपनी छाप छोड़ने का सपना सजाए हैं।

इन तीनों एसोसिएट देशों का टी20 टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाइंग अभियान अलग रहा। नेपाल एक उभरती हुई टीम है, बांग्लादेश के भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से हटने के बाद स्कॉटलैंड को शामिल किया गया जबकि विश्व कप में इटली की मौजूदगी यूरोप में खेल के विकास का सबूत है।

संबंधित टीम के कप्तान टूर्नामेंट में खेलने के इस मौके को बखूबी जानते हैं। इटली के कप्तान वेन मैडसेन दक्षिण अफ्रीका के लिए हॉकी खेल चुके हैं। उन्होंने विश्व कप से पहले सभी टीम के कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘इटली में मुख्य खेल फुटबॉल है, लेकिन टी20 विश्व कप में खेलने का मौका हमारे देश के लिए बहुत अहम है और यह इटली को क्रिकेट के नक्शे पर लाने की बात है। ’’

स्कॉटलैंड के लिए यह टूर्नामेंट एक अलग तरह की चुनौती पेश करता है क्योंकि उन्हें पिछले महीने के आखिर तक अपनी भागीदारी का अंदाजा भी नहीं था।

स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने कहा, ‘‘हमारी तैयारी दूसरी टीमों से अलग रही है, लेकिन हम इस स्तर पर खेलने का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यह हमारे सामने एक शानदार मौका है। ’’

नेपाल लगातार दूसरा टी20 विश्व कप खेल रहा है और वह प्रभावित करने की कोशिश करेगा। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के बड़े प्रशंसक नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने कहा, ‘‘यह टी20 विश्व कप बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हमने 10 साल बाद (2024 में) क्वालीफाई किया था। हम अगली पीढ़ी के लिए छाप छोड़ना चाहते हैं। ’’

पौडेल मुंबई में रोहित शर्मा के घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं रोहित शर्मा का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं लेकिन उम्मीदों पर खरा उतरना मेरे लिए एक मुश्किल काम होगा। मुझे उम्मीद है कि मैं प्रशंसकों को खुश कर पाऊंगा।

भारत में जन्में अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल के लिए उस देश में खेलने का अनुभव खास और भावनात्मक होगा जिसमें उन्होंने जन्म लिया।

भारत के खिलाफ शनिवार को होने वाले पहले मैच से पहले मोनांक ने कहा, ‘‘भारत में आकर विश्व कप खेलकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं भारत में विश्व कप खेलूंगा और अमेरिका का प्रतिनिधित्व करूंगा। खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। ’’

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप भी मौजूद थे। उनसे जब पाकिस्तान के 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने को लेकर हुए विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया।

गैर-क्रिकेट कारणों से किसी टीम की टूर्नामेंट में संभावित गैरमौजूदगी पर ब्रूक ने कहा, ‘‘हम बस अपने काम से काम रखते हैं और यह आईसीसी और अन्य पर निर्भर करता है जिनके बीच समझौते और असहमति हैं। हम यहां सिर्फ टूर्नामेंट का लुत्फ उठाने और अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में