ताएकेमा विशेष ड्रैगफ्लिकिंग शिविर के लिए भारतीय महिला टीम से जुड़े

Ads

ताएकेमा विशेष ड्रैगफ्लिकिंग शिविर के लिए भारतीय महिला टीम से जुड़े

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 02:30 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 02:30 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) नीदरलैंड की दिग्गज ड्रैगफ्लिकर ताएके ताएकेमा न्यूजीलैंड में होने वाले एफआईएच नेशंस कप से पहले ड्रैगफ्लिकिंग और पेनल्टी-कॉर्नर पर गोल करने में महारत हासिल करने के उद्देश्य से लगाए गए विशेष अभ्यास शिविर के लिए भारतीय महिला टीम से जुड़ गए हैं।

ताएकेमा को ड्रैगफ्लिकर के कौशल को निखारने के लिए टीम में शामिल किया गया है क्योंकि मुख्य कोच शोर्ड मारिन 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड में होने वाले एफआईएच नेशंस कप की तैयारी में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।

भारतीय ड्रैगफ्लिकर दीपिका, लालथंतलुआंगी और अन्नु इस विशेष अभ्यास शिविर में भाग ले रही हैं।

नीदरलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ताएकेमा को विश्व हॉकी के सर्वश्रेष्ठ ड्रैगफ्लिकरों में से एक माना जाता है। वह पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में माहिर थे। उन्होंने ओलंपिक खेलों और एफआईएच हॉकी विश्व कप सहित कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था।

उन्होंने 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और उनके नाम पर 221 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।

भारतीय टीम तीन जून को न्यूजीलैंड पहुंचेगी, जहां वह नेशंस कप से पहले अभ्यास मैचों में अपनी तैयारी जारी रखेगी।

भाषा

पंत

पंत